LOADING...
IPL 2024: LSG ने CSK को हराकर दर्ज की अपनी चौथी जीत, ये बने रिकॉर्ड्स 
LSG को मैच में शानदार जीत मिली (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: LSG ने CSK को हराकर दर्ज की अपनी चौथी जीत, ये बने रिकॉर्ड्स 

Apr 19, 2024
11:22 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 34वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 8 विकेट से हराते हुए इस सीजन अपनी चौथी जीत दर्ज की है। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए मैच में CSK ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 176 रन बनाए थे। जवाब में LSG की टीम ने सिर्फ 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

मैच का लेखा-जोखा 

मैच में LSG ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। CSK के 4 बल्लेबाज 87 रन पर पवेलियन लौट गए थे। रविंद्र जडेजा ने CSK के लिए सबसे बड़ी पारी (57) खेली। आखिरी ओवरों में महेंद्र सिंह धोनी ने सिर्फ 9 गेंद में 28 रन जड़ दिए। क्रुणाल पांड्या ने LSG के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए। जवाब में केएल राहुल (82) और क्विटन डिकॉक (54) की उम्दा पारियों के दम पर LSG को आसान जीत मिली।

अर्धशतक

जडेजा ने जड़ा तीसरा अर्धशतक 

जडेजा ने मैच में 40 गेंद का सामना किया और 57 रन बनाए। उनके बल्ले से 5 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 142.50 की रही। उन्होंने अजिंक्य रहाणे (36) के साथ 38 और मोईन अली (30) के साथ 51 रन की साझेदारी निभाई। अपनी इस पारी के दौरान जडेजा ने टी-20 क्रिकेट में 3,500 रन भी पूरे कर लिए। उन्होंने 317 मैच की 227वीं पारी में यह आंकड़ा छूआ।

Advertisement

रिकॉर्ड

धोनी ऐसा करने वाले पहले विकेटकीपर बने 

धोनी ने अपनी ताबड़तोड़ पारी के दौरान एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह IPL के इतिहास में 5,000 रन बनाने वाले पहले विकेटकीपर बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने 250 मैच में 5,023 रन बनाए हैं। धोनी के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में सबसे ज्यादा रन दिनेश कार्तिक (4,369) के नाम है। तीसरे स्थान पर रॉबिन उथप्पा हैं, जिन्होंने 114 मुकाबलों में 3,011 रन बनाए हैं। चौथे स्थान पर ऋषभ पंत (2,811) हैं।

Advertisement

पारी

डिकॉक की शानदार अर्धशतकीय पारी 

डिकॉक ने मैच में 43 गेंद का सामना किया और 54 रन बनाए। उनके बल्ले से 5 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 125.58 की रही। राहुल के साथ इस खिलाड़ी ने पहले विकेट के लिए 134 रन जोड़े। यह उनके IPL करियर का 23वां अर्धशतक रहा। उन्होंने IPL 2024 में 3 अर्धशतक लगाए हैं। उन्होंने 7 मैच में 32.57 की औसत से 228 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 136.53 की रही है।

कप्तानी

राहुल ने खेली कप्तानी पारी 

राहुल ने CSK के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शानदार कप्तानी (82) पारी खेली। यह उनके IPL करियर का 35वां और इस सीजन का दूसरा अर्धशतक रहा। उन्होंने अपना अर्धशतक सिर्फ 31 गेंद में पूरा किया। उनकी पारी की बदौलत ही LSG की टीम को शुरुआती झटके नहीं लगे और टीम को शानदार जीत मिली। राहुल ने 53 गेंद का सामना करते हुए 9 चौके और 3 छक्के लगाए। उनकी स्ट्राइक रेट 154.72 की रही।

बराबरी

राहुल ने की सैमसन की बराबरी 

LSG के कप्तान राहुल ने अपनी शानदार पारी के दौरान एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में IPL में 50+ का स्कोर 11वीं बार बनाया है। संजू सैमसन भी 11 बार यह कारनामा कर चुके हैं। इस मामले में पहले स्थान पर धोनी हैं। उन्होंने 191 पारियों में 22 बार कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में 50+ का स्कोर बनाया है। एडम गिलक्रिस्ट (12) दूसरे स्थान पर हैं।

जोड़ी

डिकॉक और राहुल की जोड़ी ने बनाए ये रिकॉर्ड्स

डीकॉक और राहुल ने 134 रन जोड़े। यह इस लीग में LSG की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। राहुल और डिकॉक ने दूसरी बार LSG के लिए 100 से ज्यादा रन की साझेदारी निभाई है। इससे पहले IPL 2022 में दोनों खिलाड़ियों ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ 210* रन की साझेदारी निभाई थी। ये CSK के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए पांचवीं सबसे बड़ी साझेदारी भी है। यह पहले विकेट की तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी है।

ताबड़तोड़

कमाल कर रहे हैं धोनी 

धोनी इस सीजन 255.88 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे हैं। LSG के खिलाफ उन्होंने 311.11 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। उन्होंने इस सीजन 34 गेंद का सामना किया है और 87 रन बनाए हैं। उन्होंने 8 छक्के और 7 चौके लगाए हैं। IPL में 20वें ओवर के दौरान उन्होंने 772 रन बनाए हैं और 313 गेंदों का सामना किया है। उनकी स्ट्राइक रेट 246.64 की रही है। उन्होंने 53 चौके और 65 छक्के लगाए हैं।

अंक तालिका

5वें पायदान पर पहुंची LSG टीम

यह LSG की 7 मैचों के बाद चौथी जीत है और अंक तालिका में टीम अब 5वें स्थान (+0.123) पर पहुंच गई है। IPL 2024 में CSK की यह तीसरी हार है। CSK की टीम ने इस सीजन में अब तक 4 जीत दर्ज (+0.529) की हुई है और तालिका में तीसरे स्थान पर है। सैमसन के नेतृत्व वाली राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीम 7 में से 6 जीत दर्ज करते हुए शीर्ष पर बरकरार है।

Advertisement