Page Loader
PBKS बनाम GT: शुभमन गिल ने जमाया IPL करियर का 16वां अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े 
शुभमन गिल ने 40 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

PBKS बनाम GT: शुभमन गिल ने जमाया IPL करियर का 16वां अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े 

Apr 14, 2023
12:00 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 18वें मैच में गुरुवार को गुजरात टाइटंस (GT) के बल्लेबाज शुभमन गिल ने पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ शानदार अर्धशतक जमा दिया। यह उनके IPL करियर का 16वां अर्धशतक रहा और इसे उन्होंने 40 गेंद में पूरा किया। गिल ने मैच की शुरुआत से ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए विरोधी गेंदबाजों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया था। आइए गिल की पारी और आंकड़ों के बारे में जानते हैं।

रिपोर्ट

ऐसी रही गिल की पारी और साझेदारी 

गिल ने टीम को शानदार शुरुआत देते हुए लक्ष्य तक पहुंचाने में बड़ी और अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पारी में 136.73 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंद में शानदार 67 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 7 चौके और 1 छक्का भी जमाया। गिल ने पहले विकेट के लिए साथी खिलाड़ी रिद्धिमान साहा के साथ मिलकर 28 गेंद में 48 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई थी।

रिपोर्ट

ऐसा रहा है गिल का IPL करियर 

23 साल के गिल ने IPL में 2018 से लेकर 2023 तक अब तक 77 मैच खेले हैं। 74 पारियों में उन्होंने 35.52 की औसत और 126.24 की स्ट्राइक रेट के साथ 2,016 रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में उनका उच्चतम स्कोर 96 रन का है। गिल लीग में 202 चौके और 50 छक्के भी जमा चुके हैं। वह IPL में GT की ओर से सबसे अधिक रन (666) बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं।

रिपोर्ट

GT ने ऐसे जीता मुकाबला 

PBKS ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 153 रन बनाए थे। टीम की ओर से मैथ्यू शॉर्ट (36) और जितेश शर्मा (25) की उल्लेखनीय पारियां रहीं। GT टीम ने 19.5 ओवर में 4 विकेट खोकर 154 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। गिल के अर्धशतक के अलावा साहा ने 30 रन बनाए। PBKS की ओर से अर्शदीप सिंह, कगिसो रबाडा, हरप्रीत बरार और सैम कर्रन ने 1-1 विकेट लिए।