Page Loader
IPL 2023: जानिए सनराइजर्स हैदराबाद के दिलचस्प आंकड़े और अहम बातें
2 अप्रैल को अपना पहला मैच खेलेगी SRH (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023: जानिए सनराइजर्स हैदराबाद के दिलचस्प आंकड़े और अहम बातें

Mar 29, 2023
04:05 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) अपने नए कप्तान एडेन मार्करम के नेतृत्व में खेलते हुए नजर आएगी। आगामी सीजन में SRH अपने अभियान की शुरुआत 2 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच से करेगी। पिछले सीजन में SRH ने निराश किया था और टीम प्ले-ऑफ में भी नहीं पहुंच सकी थी। अब नए कप्तान के साथ SRH पिछली गलतियों से सबक लेकर मैदान पर उतरना चाहेगी। आइए टीम के दिलचस्प आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

सिर्फ 1 बार खिताब जीत सकी है SRH 

2013 सीजन में डेब्यू करने वाली SRH ने अब तक सिर्फ 1 बार खिताब जीता है। डेविड वार्नर की कप्तानी में खेलते हुए SRH ने 2016 में खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद 2018 में टीम उपविजेता रही थी। SRH ने पिछले दो सीजन में निराश किया है। IPL 2021 में टीम आखिरी स्थान पर रही थी, जबकि 2022 में आठवें स्थान पर रही थी। पिछले सीजन के बाद तत्कालीन कप्तान केन विलियमसन को रिलीज कर दिया गया था।

कप्तानी 

IPL में पहली बार कप्तानी करेंगे मार्करम 

मार्करम पहली बार IPL में किसी टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। उन्होंने पिछले महीने अपनी घरेलू टी-20 लीग (SA20) में सनराइजर्स ईस्टर्न केप की कप्तानी की थी और टीम को चैंपियन बनाया था। उस टूर्नामेंट में उन्होंने 12 मैचों में 127.97 के स्ट्राइक रेट से 366 रन बनाए थे। इससे पहले उन्होंने 2014 में ICC अंडर-19 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका का नेतृत्व किया था। वह अब प्रोटियाज टीम के पूर्णकालिक कप्तान (टी-20 प्रारूप में) भी हैं।

भुवनेश्वर कुमार 

भुवनेश्वर के प्रदर्शन पर रहेंगी निगाहें 

SRH से गेंदबाजी में दारोमदार एक बार फिर भुवनेश्वर कुमार के कंधो पर होगा। उन्होंने IPL में 146 मैचों में 7.3 के इकॉनमी रेट से 154 विकेट लिए हैं। वह फिलहाल इस लीग में सातवें सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने 130 विकेट SRH की ओर से लिए हैं। वह लगातार सीजन (2016 और 2017) में पर्पल कैप हासिल करने वाले एकमात्र गेंदबाज हैं। भुवनेश्वर के नाम IPL में पावरप्ले के दौरान सर्वाधिक विकेट (57) हैं।

बल्लेबाज 

ये बल्लेबाज कर सकते हैं कमाल 

राहुल त्रिपाठी ने 158.23 के स्ट्राइक रेट पिछले सीजन में 413 रन बनाए थे। कम से कम 400 रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में यह लियाम लिविंगस्टोन (182.08) के बाद दूसरा सबसे बेहतर स्ट्राइक रेट था। SRH से पिछले सीजन में सर्वाधिक रन अभिषेक शर्मा ने बनाए थे। इस युवा बल्लेबाज ने 30.42 के औसत से 426 रन बनाए थे। मार्करम ने पिछले सीजन में 47.62 के औसत और 139.05 के स्ट्राइक रेट से 381 रन बनाए थे।

जानकारी

SRH ने जीते हैं 74 मैच 

कुल मिलाकर SRH ने 152 IPL मैचों में हिस्सा लिया है, जिसमें 74 जीते हैं और इतने ही हारे हैं। सुपर ओवर में उनकी 1 जीत और 3 हार हुई है। इस बीच टीम का सर्वोच्च स्कोर 231 रन और न्यूनतम स्कोर 96 रहा है।

टीम 

ऐसी है SRH की पूरी टीम 

IPL 2023 सीजन के लिए SRH की पूरी टीम इस प्रकार है:- अब्दुल समद, एडेन मार्करम (कप्तान), राहुल त्रिपाठी, ग्लेन फिलिप्स, अभिषेक शर्मा, मार्को जेन्सन, वाशिंगटन सुंदर, फजलहक फारूकी, कार्तिक त्यागी, भुवनेश्वर कुमार, टी नटराजन, उमरान मलिक, हैरी ब्रूक, मयंक अग्रवाल, हेनरिक क्लासेन, आदिल राशिद, मयंक मारकंडे, विवरांत शर्मा, समर्थ व्यास, संवीर सिंह, उपेंद्र यादव, मयंक डागर, नीतीश कुमार रेड्डी, अनमोलप्रीत सिंह और अकील होसेन।