Page Loader
DC बनाम SRH: हेनरिक क्लासेन ने जमाया IPL करियर का पहला अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े 
हेनरिक क्लासेन ने 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

DC बनाम SRH: हेनरिक क्लासेन ने जमाया IPL करियर का पहला अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े 

Apr 29, 2023
09:45 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 40वें मैच में शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ शानदार अर्धशतक जमा दिया। यह उनके IPL करियर का पहला अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 25 गेंद में पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने टी-20 क्रिकेट में अपने 3,000 रन भी पूरे कर लिए। क्लासेन ने मुश्किल वक्त में अहम पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। आइए क्लासेन की पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

रिपोर्ट

ऐसी रही क्लासेन की पारी और साझेदारी 

क्लासेन ने निचले क्रम में साथी खिलाड़ी अब्दुल समद के साथ मिलकर टीम को परेशानी से बाहर निकालने का काम किया। उन्होंने पारी में 196.30 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंद में शानदार 53* रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 2 चौके और 4 छक्के जमाए। क्लासेन ने छठे विकेट के लिए समद (28) के साथ 33 गेंद में 53 रन की अहम साझेदारी निभाते हुए टीम को मजबूत किया।

रिपोर्ट

ऐसा रहा है क्लासेन का IPL करियर 

31 साल के क्लासेन ने IPL में 2018 से लेकर 2023 तक अब तक 13 मैच खेले हैं। 11 पारियों में उन्होंने 27.38 की औसत और 155.32 की स्ट्राइक रेट के साथ 219 रन बनाए हैं। लीग में उनके नाम 17 चौके और 9 छक्के दर्ज हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज क्लासेन का इस लीग में उच्चतम स्कोर इसी मैच में आया है। क्लासेन ने इससे पूर्व इस सीजन में दो बार 30 से अधिक की पारी खेली थी।

रिपोर्ट

ऐसी रही SRH की बल्लेबाजी 

SRH ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में में 6 विकेट खोकर 197 रन बनाए। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने शानदार अर्धशतक जमाते हुए महत्वपूर्ण पारी खेली। उन्होंने 36 गेंदों में 67 रन बनाए। यह उनके IPL करियर का तीसरा अर्धशतक रहा। इसके अलावा टीम के प्रमुख बल्लेबाजों ने एक बार फिर निराश किया। मंयक अग्रवाल (5), राहुल त्रिपाठी (10), कप्तान एडेन मार्करम (8) और हैरी ब्रुक (0) जल्दी आउट हो गए।