Page Loader
IPL नीलामी 2023: क्रिस गेल ने मयंक अग्रवाल के साथ PBKS के व्यवहार को बताया निराशाजनक
मयंक अग्रवाल ने PBKS के लिए 60 मैचों में 1,513 रन बनाए (तस्वीर:टि्वटर@mayankcricket)

IPL नीलामी 2023: क्रिस गेल ने मयंक अग्रवाल के साथ PBKS के व्यवहार को बताया निराशाजनक

Dec 23, 2022
12:09 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 में खेले जाने वाले 16वें सीजन के लिए शुक्रवार को मिनी नीलामी कोच्चि में आयोजित होने जा रही है। IPL की सभी 10 फ्रेंचाइजियों का यही उद्देश्य है कि वह अपने-अपने टीम संयोजन को बेहतर बना सके। इस बीच वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेटर क्रिस गेल ने भारतीय क्रिकेटर मयंक अग्रवाल को लेकर अहम बयान दिया है। आइये जानते हैं गेल ने क्या कुछ कहा है?

बयान

गेल ने क्या कहा?

गेल ने अपने बयान में मयंक अग्रवाल का समर्थन करने के साथ पंजाब किंग्स (PBKS) पर निशाना भी साधा है। उन्होंने कहा, "यह देखना निराशाजनक था कि मयंक को फ्रेंचाइजी ने उनके वर्षों से किए गए सभी योगदानों के बावजूद कैसे रिलीज किया? मुझे लगता है कि मयंक IPL 2023 की नीलामी से पहले रिलीज होने के बाद शायद आहत हैं। उनके साथ इस तरह का बर्ताव किया जाना काफी निराशाजनक है।"

उम्मीद

मयंक को निश्चित रूप से चुना जाएगा- गेल

गेल ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, "मयंक को निश्चित रूप से चुना जाएगा। अगर ऐसा नहीं होता है तो मुझे बहुत निराशा होगी, क्योंकि वह एक विस्फोटक बल्लेबाज हैं।" उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि टीमें अब भी उन पर विश्वास करेंगी और उन्हें अच्छा पैसा देंगी। वह एक शानदार टीम मैन भी हैं। हो सकता है कि पिछले सीजन में उन्होंने अच्छा न किया हो, लेकिन वह एक परिपक्व खिलाड़ी हैं।"

आंकड़े

PBKS के लिए कैसा रहा मयंक का प्रदर्शन?

स्टार बल्लेबाज केएल राहुल के IPL 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) में चले जाने के बाद मयंक ने PBKS का नेतृत्व किया था। भारत के सलामी बल्लेबाज IPL में PBKS के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करने खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। 31 वर्षीय मयंक ने 2018 से 2022 के बीच 60 मैचों में एक शतक समेत 1,513 रन बनाए। मयंक ने 2022 में जॉनी बेयरस्टो और शिखर धवन के लिए ओपनिंग तक छोड़कर नीचे बल्लेबाजी करना चुना था।

IPL आंकड़े

मंयक के IPL आंकड़े

मयंक ने अपने IPL करियर (2011 से 2022) में अब तक 113 मैच खेले हैं। उन्होंने 22.59 की औसत और 134.28 की स्ट्राइक रेट से कुल 2,327 रन बनाए हैं। 106 के उच्चतम स्कोर के साथ उन्होंने लीग में एक शतक और 12 अर्धशतक जमाए हैं। मयंक के लिए सबसे सफल IPL सीजन 2021 में रहा था, तब उन्होंने 12 मैचों में 40.09 की औसत और 140.44 की स्ट्राइक रेट से 441 रन बनाए थे।

जानकारी

87 खिलाड़ियों को खरीदेंगी फ्रेंचाइजी

IPL के अगले सीजन के लिए कुल 405 खिलाड़ियों पर बोली लगेगी। सभी टीमों के पास कुल 87 खिलाड़ियों की जगह खाली है, इनमें से 30 स्थान विदेशी खिलाड़ियों के लिए खाली हैं। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के पर्स में सबसे अधिक राशि (42.25 करोड़ रुपये) शेष है। उसे दल में 17 खिलाड़ी और भरने हैं। सबसे कम (7.05 करोड़ रुपये) राशि कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के पास है। इसी राशि से उसे 14 खिलाड़ियों को खरीदना होगा।