Page Loader
LSG बनाम MI: केएल राहुल ने लगाया सीजन का दूसरा शतक, बनाए ये रिकॉर्ड्स
तस्वीर- Twitter/IPL

LSG बनाम MI: केएल राहुल ने लगाया सीजन का दूसरा शतक, बनाए ये रिकॉर्ड्स

लेखन Neeraj Pandey
Apr 24, 2022
09:20 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 37वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान केएल राहुल ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ शतक लगा दिया है। यह इस सीजन में राहुल का दूसरा शतक और उन्होंने अपने दोनों शतक मुंबई के खिलाफ ही बनाए हैं। राहुल ने धीमी शुरुआत करते हुए 37 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था, लेकिन शतक पूरा करने के लिए उन्होंने 61 गेंदों का सामना किया।

रिकॉर्ड्स

MI के खिलाफ राहुल ने बनाए ये रिकार्ड्स

राहुल ने MI के खिलाफ अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है और उनके खिलाफ अपना तीसरा शतक लगाया है। राहुल ने MI के खिलाफ अपने 850 रन पूरे कर लिए हैं। राहुल ने अब MI के खिलाफ लगभग 87 की औसत से 867 रन बना लिए हैं। यह राहुल का MI के खिलाफ आठवां पचास से अधिक का स्कोर है और वह सबसे अधिक बार ऐसा करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

IPL करियर का चौथा शतक लगाने के साथ ही राहुल लीग में संयुक्त रूप से तीसरे सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने शतकों के मामले में जोस बटलर (4*), डेविड वॉर्नर (4*) और शेन वॉटसन (4) की बराबरी की है।

उपलब्धि

एक ही टीम के खिलाफ सबसे अधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने राहुल

राहुल ने IPL में अपने चार में से तीन शतक मुंबई के खिलाफ ही लगाए हैं और वह एक ही टीम के खिलाफ सबसे अधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले तीन बल्लेबाज एक ही टीम के खिलाफ दो-दो शतक लगा चुके हैं। क्रिस गेल ने पंजाब किंग्स, डेविड वॉर्नर ने कोलकाता नाइट राइडर्स और विराट कोहली ने गुजरात लॉयंस के खिलाफ दो-दो शतक लगाए हैं।

अन्य रिकॉर्ड्स

राहुल द्वारा बनाए गए अन्य रिकॉर्ड्स

एक ही सीजन में एक टीम के खिलाफ दो शतक लगाने वाले राहुल केवल दूसरे बल्लेबाज बने हैं। इससे पहले कोहली ने 2016 में गुजरात लॉयंस के खिलाफ एक ही सीजन में दो शतक लगाए थे। टी-20 क्रिकेट में यह राहुल का छठा शतक है और वह संयुक्त रूप से सबसे अधिक टी-20 शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने हैं। राहुल ने रोहित शर्मा (6*) की बराबरी की है।