Page Loader
CSK बनाम KKR: कोलकाता को मिला 132 रनों का लक्ष्य, धोनी ने लगाया नाबाद अर्धशतक
तस्वीर- iplt20.com

CSK बनाम KKR: कोलकाता को मिला 132 रनों का लक्ष्य, धोनी ने लगाया नाबाद अर्धशतक

लेखन Neeraj Pandey
Mar 26, 2022
09:17 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के पहले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 131/5 के स्कोर पर रोक दिया है। CSK के लिए एमएस धोनी (50*) ने सबसे अधिक रन बनाए। रविंद्र जडेजा ने भी नाबाद 26 रन बनाए। KKR की ओर से उमेश यादव ने सबसे अधिक दो विकेट हासिल किए। आइए जानते हैं कैसी रही CSK की पारी और कुछ अन्य जरूरी बातें।

शुरुआत

अच्छी नहीं रही CSK की शुरुआत

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी CSK के लिए शुरुआत अच्छी नहीं रही। पिछले सीजन के स्टार रहे रुतुराज गायकवाड़ खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए। पहले ओवर की तीसरी गेंद पर ही उन्हें उमेश यादव ने आउट किया। पांचवें ओवर में 28 के कुल योग पर डेवोन कोन्वे भी उमेश का शिकार बने। डेब्यू IPL मैच खेल रहे कोन्वे ने आठ गेंदों में तीन रन बनाए।

मध्यक्रम

उथप्पा ने खेली अच्छी पारी, लेकिन लड़खड़ाया मध्यक्रम

शून्य के स्कोर पर पहला विकेट गिरने के बाद मैदान में आए रॉबिन उथप्पा ने तेजी से रन बनाने का फैसला लिया। उन्होंने दो चौकों और दो छक्कों की बदौलत 21 गेंदों में 28 रन बनाए। उथप्पा के आउट होते ही CSK ने जल्दी-जल्दी दो विकेट गंवा दिए। 52 के कुल स्कोर पर अंबाती रायुडु और 11वें ओवर तक 61 के स्कोर पर शिवम दुबे पवेलियन लौट चुके थे।

एमएस धोनी

धोनी ने लगाया 24वां IPL अर्धशतक

21 अप्रैल, 2019 के बाद से धोनी ने पहली बार IPL में अर्धशतक लगाया है। उन्होंने 38 गेंदों में नाबाद 50 रनों की पारी खेली जिसमें सात चौके और एक छक्का शामिल रहे। धोनी ने अपनी इस पारी में शुरुआती 10 गेंदों में केवल दो रन बनाए थे और उ्नहोंने आखिरी 28 गेंदों में 48 रन बनाते हुए अपना 24वां IPL अर्धशतक पूरा किया। धोनी जब मैदान में आए थे तब CSK का स्कोर 61/5 था।

अंतिम ओवर्स

अंतिम तीन ओवर में CSK ने बनाए 47 रन

17 ओवर की समाप्ति के बाद CSK का स्कोर 84/5 था KKR के गेंदबाजों ने लगाम कस रखी थी। हालांकि, आखिरी तीन ओवर्स में 47 रन बटोरकर CSK ने एक अच्छा टोटल हासिल किया है। इन 47 में से केवल 10 ही रन जडेजा ने बनाए। धोनी ने अंतिम ओवर्स में तेजी से रन बनाते हुए एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह सबसे अधिक उम्र में IPL अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने हैं।