Page Loader
IPL 2021: ये खिलाड़ी होंगे नीलामी के लिए उपलब्ध, BCCI ने जारी की सूची

IPL 2021: ये खिलाड़ी होंगे नीलामी के लिए उपलब्ध, BCCI ने जारी की सूची

Feb 12, 2021
11:32 am

क्या है खबर?

आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 के लिए नीलामी 18 फरवरी को चेन्नई में होनी है, जिसके लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 292 खिलाड़ियों की सूची जारी की है। इससे पहले IPL की नीलामी के लिए कुल 1,114 खिलाड़ियों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया था, जिसके बाद बीते गुरुवार को BCCI ने खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया है। नीलामी में कुल 164 भारतीय खिलाड़ी, 125 विदेशी खिलाड़ी और एसोसिएट देशों के तीन खिलाड़ी उपलब्ध होंगे।

सूची

हरभजन समेत दो करोड़ बेस प्राइस में हैं ये खिलाड़ी

IPL की नीलामी के लिए सबसे ज्यादा बेस प्राइस दो करोड़ रूपये है। सिर्फ हरभजन सिंह और केदार जाधव इतने बेस प्राइस वाले भारतीय खिलाड़ी हैं। वहीं दो करोड़ बेस प्राइस वाले आठ विदेशी खिलाड़ी शाकिब अल हसन, ग्लेन मैक्सवेल, स्टीव स्मिथ, मोइन अली, सैम बिलिंग्स, लियाम प्लंकेट, जेसन रॉय और मार्क वुड हैं। एक अन्य विदेशी खिलाड़ी कॉलिन इंग्राम ने भी इस बेस प्राइस में अपना रजिस्ट्रेशन करवाया था, लेकिन शॉर्टलिस्ट नहीं हो सके।

सूची

उमेश और हनुमा हैं एक करोड़ बेस प्राइस में उपलब्ध

1.5 करोड़ बेस प्राइस के साथ इस बार कुल 12 खिलाड़ी नीलामी सूची में हैं। बता दें इस बेस प्राइस में कोई भी भारतीय खिलाड़ी उपलब्ध नहीं है। दूसरी तरफ 11 खिलाड़ी एक करोड़ के बेस प्राइस के साथ नीलामी सूची में हैं, जिनमें हनुमा विहारी और उमेश यादव के रूप में सिर्फ दो भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं। 75 लाख बेस प्राइस में कुल 15 खिलाड़ी नीलामी के लिए उपलब्ध हैं।

जानकारी

पुजारा और अर्जुन तेंदुलकर हुए शॉर्टलिस्ट

हाल ही में अपना प्रतिबंध पूरा करने वाले श्रीसंत (75 लाख बेस प्राइस) ने नीलामी के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करवाया था, लेकिन शॉर्टलिस्ट नहीं हो सके। वहीं अर्जुन तेंदुलकर और चेतेश्वर पुजारा नीलामी के लिए उपलब्ध कुल 292 खिलाड़ियों में शामिल हुए हैं।

उपलब्ध धनराशि

KXIP के पास उपलब्ध हैं सबसे ज्यादा रुपये

सबसे ज्यादा किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) के पर्स में 53.2 करोड़ रुपये है, जो पांच विदेशी खिलाड़ी सहित अधिकतम नौ खिलाड़ी खरीद सकते हैं। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) के पास सबसे कम 10.75-10.75 करोड़ रुपये हैं। SRH एक विदेशी समेत अधिकतम तीन खिलाड़ी खरीद सकते है। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पर्स में 19.9 करोड़ रुपये हैं, जिसमें उनके पास कुल छह खिलाड़ियों की जगह बची है।

जानकारी

अन्य टीमों की जानकारी

गत उपविजेता दिल्ली कैपिटल्स (DC) के पास नीलामी के लिए 13.4 करोड़ रुपये उपलब्ध हैं, जिससे वह अधिकतम आठ खिलाड़ियों को खरीद सकती है। वहीं राजस्थान रॉयल्स (RR) के पर्स में 37.85 करोड़ रुपये हैं, जिससे वह तीन विदेशी सहित अधिकतम नौ खिलाड़ियों को खरीद सकती हैं। गत विजेता मुंबई इंडियंस (MI) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के पास नीलामी के लिए क्रमशः 15.35 और 35.4 करोड़ रुपये उपलब्ध हैं।