गारफील्ड सोबर्स के दिलचस्प रिकॉर्ड्स, जिनके बारे में आप शायद ही जानते होंगे
क्या है खबर?
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के पूर्व महान क्रिकेटर सर गारफील्ड सोबर्स का 89 साल की उम्र में निधन हो गया। वह क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल ऑलराउंडर में से एक रहे थे। खेल में योगदान के लिए सोबर्स को 1975 में नाइटहुड की उपाधि दी गई थी। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) भी साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष क्रिकेटर को सर गारफील्ड सोबर्स ट्रॉफी से सम्मानित करती है। इस बीच उनके दिलचस्प रिकॉर्ड्स के बारे में जानते हैं।
करियर
शानदार रहा था सोबर्स का करियर
सोबर्स ने वेस्टइंडीज के लिए कुल 93 टेस्ट मैच खेले, जिसमें 57.78 की औसत से 8,032 रन बनाए और 34.03 की औसत से 235 विकेट लिए थे।
क्रिकइंफो के अनुसार, 5,000 से ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में टेस्ट क्रिकेट में उनका बल्लेबाजी औसत चौथा सबसे बेहतर है।
सोबर्स ने टेस्ट क्रिकेट में 26 शतक और 30 अर्धशतक लगाए।
गेंदबाजी में उन्होंने छह बार 5 विकेट हॉल लिए थे।
ऑलराउंडर
ऐसा कारनामा करने वाले पहले खिलाड़ी बने थे सोबर्स
सोबर्स टेस्ट क्रिकेट में 7,000 से अधिक रन बनाने के साथ-साथ 200+ विकेट लेने वाले पहले खिलाड़ी बने थे।
उनके बाद जैक्स कैलिस और बेन स्टोक्स ऐसा करने में सफल हुए हैं।
अपने बेमिसाल टेस्ट करियर में कैलिस ने 55.37 की औसत के साथ 13,289 रन बनाए थे और गेंदबाजी में 232 विकेट लिए थे।
स्टोक्स ने अपने करियर में 34.46 की औसत से 7,273 रन और गेंदबाजी में 252 विकेट लिए थे।
छक्के
एक ओवर में 6 छक्के लगा चुके हैं सोबर्स
सोबर्स प्रथम श्रेणी क्रिकेट के इतिहास में एक ओवर में 6 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने थे।
उन्होंने नॉटिंघमशायर से खेलते हुए काउंटी चैंपियनशिप 1968 में ग्लेमोर्गन के मैल्कम नैश के ओवर में ये कारनामा किया था।
टीम की कप्तानी करते हुए सोबर्स ने पहली पारी में 76 रन और दूसरी पारी में 72 रन बनाए थे।
उस मैच को नॉटिंघमशायर ने 166 रन से जीता था।
तिहरा शतक
सोबर्स ने पाकिस्तान के खिलाफ लगाया था तिहरा शतक
सोबर्स ने 1958 में किंग्स्टन में खेले गए मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ अपनी पहली पारी में नाबाद 365 रन बनाए थे। यह लंबे समय तक टेस्ट में सर्वोच्च पारी का रिकॉर्ड रहा था।
उनके ही देश के ब्रायन लारा ने 36 साल बाद 1994 में इंग्लैंड के खिलाफ 375 रन की पारी खेलते हुए नया रिकॉर्ड स्थापित किया था।
सोबर्स द्वारा खेली गई पारी आज टेस्ट क्रिकेट में छठा सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है।