पूर्व महान क्रिकेटर सर गारफील्ड सोबर्स का 89 साल की उम्र में हुआ निधन
क्या है खबर?
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के पूर्व महान क्रिकेटर सर गारफील्ड सोबर्स का 89 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने 1954 में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया और 1974 में 38 साल की उम्र में संन्यास ले लिया था। उनकी गिनती टेस्ट क्रिकेट के इतिहास के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर में की जाती है। वह बाएं हाथ से तेज गेंदबाजी के अलावा ऑर्थोडॉक्स और रिस्ट-स्पिन भी कर सकते थे। इसके साथ-साथ वह विश्व स्तरीय फील्डर भी थे।
आंकड़े
सिर्फ 16 साल की उम्र में किया अपना प्रथम श्रेणी डेब्यू
सोबर्स ने 1953 में सिर्फ 16 साल की उम्र में बारबाडोस के लिए अपना प्रथम श्रेणी डेब्यू किया था।
उनकी जबरदस्त प्रतिभा की वजह से उन्हें जल्द ही वेस्टइंडीज की टीम में बुलाया गया और अगले ही साल उन्होंने अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था।
कम उम्र में ही उन्होंने विश्व क्रिकेट में अपनी पहचान बना ली थी।
1958 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ सोबर्स ने अपना पहला टेस्ट शतक लगाया था।
पोस्ट
क्रिकेट वेस्टइंडीज ने शोक किया जाहिर
क्रिकेट वेस्टइंडीज ने सोबर्स के निधन पर अपना दुख जाहिर किया।
उन्होंने पोस्ट करते हुए कहा, 'एक महान पारी समाप्त हो गई है। हमारे दिलों में, अभी और हमेशा के लिए, सर गारफील्ड सोबर्स।'
नॉटिंघमशायर ने सोबर्स को क्रिकेट का अब तक का सबसे महान ऑलराउंडर और अपने क्लब के इतिहास में एक प्रतिष्ठित व्यक्ति 'बताया।
बता दें कि उन्होंने अपने करियर के आखिर में साउथ ऑस्ट्रेलिया और बाद में नॉटिंघमशायर के लिए खेला था।
करियर
शानदार रहा था सोबर्स का करियर
सोबर्स ने वेस्टइंडीज के लिए कुल 93 टेस्ट मैच खेले, जिसमें 57.78 की औसत से 8,032 रन बनाए और 34.03 की औसत से 235 विकेट लिए थे।
क्रिकइंफो के अनुसार, 5,000 से ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में टेस्ट क्रिकेट में उनका बल्लेबाजी औसत चौथा सबसे बेहतर है।
सोबर्स ने टेस्ट क्रिकेट में 26 शतक और 30 अर्धशतक लगाए।
गेंदबाजी में उन्होंने छह बार 5 विकेट हॉल लिए थे।
आंकड़े
बेमिसाल रहा सोबर्स का प्रथम श्रेणी करियर
अपने 383 प्रथम श्रेणी मैचों में सोबर्स ने 609 पारियों में 54.87 की औसत से 28,314 रन बनाए थे। उन्होंने 86 शतक और 121 अर्धशतक लगाए थे।
गेंदबाजी में सोबर्स ने 27.74 की औसत से 1,043 विकेट लिए थे। उन्होंने 36 बार फाइव-विकेट हॉल लिए थे।
क्रिकेट में उनके योगदान के लिए सोबर्स को 1975 में नाइटहुड की उपाधि दी गई थी।
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) भी साल के पुरुष क्रिकेटर को सर गारफील्ड सोबर्स ट्रॉफी से सम्मानित करती है।