भारतीय महिला टीम ने तीसरे वनडे में जिम्बाब्वे को हराया, 3-0 से क्लीन स्वीप की सीरीज
क्या है खबर?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने तीसरे वनडे में भी जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम को 8 विकेट से हराया। कोटाम्बी स्टेडियम में खेले गए मैच में जिम्बाब्वे की पारी सिर्फ 131 रन पर सिमट गई। भारतीय स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने 5 विकेट हॉल लेते हुए कमाल किया। जवाब में मेजबान टीम ने आसानी से लक्ष्य हासिल किया। इस जीत के साथ ही भारत ने 3 मैचों की सीरीज को क्लीन स्वीप किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती भारतीय टीम
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने 54 रन तक अपने 4 विकेट गंवा दिए।
भारतीय स्पिनरों के सामने जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों के आउट होने का क्रम जारी रहा और पूरी टीम सिर्फ 39.5 ओवर में सिमट गई। मेहमान टीम से मोडेस्टर मुपाचिकवा ने सर्वाधिक 37 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को यास्तिका भाटिया (0) के रूप में पहला झटका लगा।
इसके बाद प्रतीका रावल (59*) और शफाली वर्मा (51*) ने जीत दिलाई।
वैष्णवी
5 विकेट हॉल लेने वाली दूसरी सबसे युवा भारतीय महिला गेंदबाज बनी वैष्णवी
20 साल और 314 दिन की उम्र में वैष्णवी ने अपना पहला 5 विकेट हॉल लिया।
वह अब वनडे में भारत 5 विकेट लेने वाली दूसरी सबसे युवा गेंदबाज बनी। उन्होंने इस मामले में क्रांति गौड़ को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 21 साल और 345 दिन की उम्र में ये मुकाम हासिल किया था।
वैष्णवी से कम उम्र में 5 विकेट हॉल लेने वाली भारतीय गेंदबाज का रिकॉर्ड दीप्ति शर्मा (18 साल और 179 दिन) के नाम है।
जानकारी
जिम्बाब्वे के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन वाली भारतीय महिला बनी वैष्णवी
क्रिकइंफो के अनुसार, वैष्णवी जिम्बाब्वे के खिलाफ 5 विकेट लेने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गईं। इससे पहले जिम्बाब्वे के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन वाली भारतीय श्री चरणी (4/23) थी, जो प्रदर्शन उन्होंने इसी सीरीज के पहले मैच के दौरान किया था।
प्रतिका
प्रतीका ने खेली उम्दा पारी
भारतीय सलामी बल्लेबाज रावल ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखा है। उन्होंने अपने वनडे करियर का 10वां अर्धशतक लगाया।
यह जिम्बाब्वे के खिलाफ उनका दूसरा अर्धशतक रहा। वह 56 गेंदों में 59 रन बनाकर नाबाद रही।
मौजूदा सीरीज में उन्होंने लगातार तीसरी पारी में 50+ रन बनाए हैं। इस सीरीज के पहले 2 मुकाबलों में उन्होंने नाबाद 100 और 61 रन बनाए थे।
अपने वनडे करियर में उन्होंने अब तक 1,400 से अधिक रन बनाए हैं।
शफाली
शफाली ने लगाया अपना सबसे तेज अर्धशतक
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने जब 59 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब शफाली क्रीज पर आई।
उन्होंने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए सिर्फ 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
यह उनका अब तक का सबसे तेज अर्धशतक है। वह 6 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 51 रन बनाकर नाबाद रही।
इस बीच उन्होंने प्रतिका के साथ मिलकर 74 रन की साझेदारी की।