महिलाओं के टी-20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम घोषित, हरमनप्रीत कौर करेंगी कप्तानी
क्या है खबर?
महिलाओं का टी-20 विश्व कप 2024 आगामी 3 अक्टूबर से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में खेला जाना है, जिसके लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम का ऐलान किया है।
इस वैश्विक टूर्नामेंट में हरमनप्रीत कौर ही भारत की कमान संभालेंगी।
बता दें कि विश्व कप में भारत अपने अभियान की शुरुआत 4 अक्टूबर को न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ करेगी।
आइए टीम पर एक नजर डालते हैं।
टीम
ऐसी है भारतीय टीम
टी-20 विश्व कप 2024 के लिए भारतीय टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), पूजा वस्त्राकर, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर, दयालन हेमलता, आशा शोभना, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल और संजना सजीवन।
टीम के साथ उमा छेत्री, तनूजा कंवर और साइमा ठाकुर को ट्रेवलिंग रिजर्व के रूप में शामिल किया गया है।
यास्तिका भाटिया और श्रेयंका पाटिल फिट होने की स्थिति में टीम में रहेंगे।
कार्यक्रम
ग्रुप-A में मौजूद है भारतीय टीम
भारत 4 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ दुबई में मुकाबला खेलेगी। इसके बाद 6 अक्टूबर को पाकिस्तान और 9 अक्टूबर को श्रीलंका के खिलाफ अपने मैच खेलेगी।
यह दोनों मैच भी दुबई में ही खेले जाने हैं। भारत अपने आखिरी ग्रुप मैच में 13 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा। यह मुकाबला शारजाह में खेला जाएगा।
भारत के यह सभी ग्रुप मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे।
तेज गेंदबाजी
रेणुका सिंह ठाकुर करेंगी तेज गेंदबाजी विभाग की अगुआई
भारत की तेज गेंदबाजी विभाग की अगुआई रेणुका सिंह ठाकुर करती हुई नजर आएंगी। वह नई गेंद से विकेट लेने के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने 47 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 6.40 की इकॉनमी रेट के साथ 50 विकेट लिए हैं।
उनके अलावा पूजा वस्त्राकर और अरुंधति रेड्डी अन्य तेज गेंदबाज होने वाले हैं।
दीप्ति जैसी अनुभवी ऑलराउंडर की मौजूदगी से टीम को संतुलन मिलेगा। उनके अलावा टीम में कई स्पिन विकल्प मौजूद हैं।
इतिहास
अपने पहले खिताब के तलाश में होगी भारतीय टीम
अब तक टी-20 विश्व कप के कुल 8 संस्करण खेले जा चुके हैं, जिसमें ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने सर्वाधिक 6 (2010, 2012, 2014, 2018, 2020, 2023) खिताब जीते हैं।
इसके अलावा इंग्लैंड और वेस्टइंडीज 1-1 बार विजेता रही है। भारतीय टीम ने सबसे अच्छा प्रदर्शन 2020 में किया था।
हरमनप्रीत के ही नेतृत्व में भारतीय टीम उपविजेता रही थी। फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को शिकस्त दी थी।
ट्विटर पोस्ट
ऐसा है टी-20 विश्व कप का पूरा कार्यक्रम
The updated schedule for the ICC Women’s #T20WorldCup 2024 is here! 🤝
— ICC (@ICC) August 27, 2024
More 👉 https://t.co/fgAzNpv1I7 pic.twitter.com/XoCqKETvAI