LOADING...
लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ियों पर एक नजर 
अनमोलप्रीत सिंह ने कमाल की पारी खेली (तस्वीर: एक्स/@Varungiri0)

लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ियों पर एक नजर 

Dec 21, 2024
03:30 pm

क्या है खबर?

विजय हजारे ट्रॉफी 2024-25 के ग्रुप-A मुकाबले में पंजाब क्रिकेट टीम के बल्लेबाज अनमोलप्रीत सिंह ने एक ऐतिहासिक पारी खेली और सिर्फ 35 गेंदों में शतक जड़ दिया। यह विजय हजारे ट्रॉफी और लिस्ट-A क्रिकेट में किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा लगाया गया सबसे तेज शतक है। उन्होंने इस मामले में यूसुफ पठान का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। ऐसे में आइए लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ियों पर नजर डाल लेते हैं।

#1

अनमोलप्रीत सिंह (35 गेंद) 

अनमोलप्रीत ने अरुणाचल प्रदेश क्रिकेट टीम के खिलाफ यह पारी खेली। अरुणाचल प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 164 रन का स्कोर बनाया था। पंजाब ने सिर्फ 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अनमोलप्रीत ने पहले 35 गेंदों में शतक जड़ा और इसके बाद 45 गेंदों में 115 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके बल्ले से 12 चौके और 9 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 255.56 की रही। कप्तान अभिषेक शर्मा सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हुए।

#2

यूसुफ पठान (40 गेंद) 

सूची में दूसरे स्थान पर पूर्व स्टार खिलाड़ी यूसुफ हैं। उन्होंने बड़ौदा क्रिकेट टीम के लिए खेलते हुए महाराष्ट्र के खिलाफ 2010 में सिर्फ 40 गेंदों पर शतक जड़ा था। महाराष्ट्र ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 230 का स्कोर बनाया था। जवाब में यूसुफ ने 42 गेंदों में 108 रन की पारी खेली थी। उनके बल्ले से 8 चौके और 10 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 257.14 की रही थी। बड़ौदा को 7 विकेट से जीत मिली थी।

#3

उर्विल पटेल (41 गेंद)

तीसरे स्थान पर उर्विल पटेल हैं। गुजरात क्रिकेट टीम के इस खिलाड़ी ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ साल 2023 में 41 गेंदों पर शतक लगाया था। अरुणाचल प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 159 रन बनाए थे। गुजरात की ओर से सलामी बल्लेबाज उर्विल ने 41 गेंदों का सामना किया और नाबाद 100 रन बनाए। उनके बल्ले से 9 चौके और 7 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 243.90 की रही थी। यह विजय हजारे ट्रॉफी का मुकाबला था।

#4

अभिषेक शर्मा (42 गेंद) 

2021 के विजय हजारे ट्रॉफी में मध्य प्रदेश क्रिकेट टीम के खिलाफ पंजाब के अभिषक शर्मा ने 42 गेंदों में शतक जड़ दिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए मध्य प्रदेश ने 402/3 का स्कोर बनाया था। वेंकटेश अय्यर ने 198 रनों की पारी खेली थी। जवाब में अभिषेक ने 49 गेंदों में 104 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 8 चौके और 9 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 212.24 की रही थी। पंजाब मुकाबला 105 रन से हारी थी।