Page Loader
सबसे कम पारियों में 300 अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज 
कुलदीप ने पाकिस्तान के खिलाफ की उम्दा गेंदबाजी (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

सबसे कम पारियों में 300 अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज 

Feb 24, 2025
05:48 pm

क्या है खबर?

बीते रविवार (23 फरवरी) को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 6 विकेट से हराया। दुबई में खेले गए उस मैच में भारत से कुलदीप यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 सफलताएं हासिल की। इस बीच उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 300 विकेट भी पूरे किए। आइए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 300 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों के बारे में जानते हैं।

#1 

कपिल देव (146 पारी)

कपिल देव सबसे तेज 300 अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज हैं। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की 146वीं पारी में यह आंकड़ा छूआ था। पूर्व विश्व विजेता कप्तान ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 356 मैच खेले, जिसमें 448 पारियों में 28.83 की औसत के साथ 687 विकेट लिए। इस बीच उन्होंने 24 पारियों में 5 विकेट हॉल भी लिए। वह इस समय भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चौथे सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारतीय हैं।

#2 

मोहम्मद शमी (161 पारी)

मोहम्मद शमी ने अक्टूबर 2019 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच के दौरान अपने 300 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे किए थे। उन्होंने 161 पारियों में ये आंकड़ा छूआ था। शमी ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में अब तक 26.03 की औसत के साथ 458 विकेट लिए हैं। उन्होंने अब तक 64 टेस्ट में 27.71 की औसत से 229 विकेट लिए हैं। वनडे में उन्होंने 202 विकेट और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 27 विकेट चटकाए हैं।

#3 

अनिल कुंबले (169 पारी)

पूर्व दिग्गज लेग स्पिनर अनिल कुंबले भी इस सूची का हिस्सा हैं। उन्होंने 169 पारियों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 300 विकेट पूरे किए थे। कुंबले ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत 953 विकेट के साथ किया था। उन्होंने 401 पारियों में 30.06 की औसत के साथ ये विकेट चटकाए थे। कुंबले ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर में 37 पारियों में 5 विकेट हॉल चटकाए थे।

#4 

कुलदीप यादव (170 पारी)

कुलदीप ने इस समय जारी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ 40 रन देते हुए 3 विकेट लिए थे। उन्होंने अपने 170 पारियों में 300 विकेटों का आंकड़ा छूआ। दिलचस्प रूप से कुलदीप अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ये मुकाम हासिल करने वाले विश्व के पहले चाइनामैन गेंदबाज (बाएं हाथ के कलाई स्पिनर) बने हैं। कुलदीप के नाम अब सभी प्रारूप को मिलाकर 22.70 की औसत के साथ 302 विकेट हैं।