टेस्ट क्रिकेट: गाले क्रिकेट स्टेडियम में इन भारतीय बल्लेबाजों ने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और श्रीलंका क्रिकेट टीम के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 15 अगस्त से होने वाला है। सीरीज का पहला मुकाबला गाले क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैदान पर स्पिन गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है। ऐसे में भारतीय बल्लेबाज यहां की परिस्थितियों को समझते हुए बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे। ऐसे में आइए नजर डालते हैं उन भारतीय बल्लेबाजों पर, जिन्होंने इस मैदान पर टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं।
#1
वीरेंद्र सहवाग (391 रन)
इस सूची में पहले स्थान पर भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग हैं।
उन्होंने साल 2008 में इस मैदान पर अपना पहला टेस्ट मैच खेला था। आखिरी बार वह यहां 2010 में खेलते हुए नजर आए थे।
उन्होंने 2 मैचों की 4 पारियों में एक बार नाबाद रहते हुए 130.33 की उम्दा औसत के साथ 391 रन बनाए थे।
उनके बल्ले से 2 शतक और एक अर्धशतक निकला था। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 201* रन था।
#2
शिखर धवन (366 रन)
दूसरे स्थान पर भारत के एक और पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन हैं।
उन्होंने 2015 से 2017 के बीच गाले स्टेडियम में 2 टेस्ट मुकाबले खेले थे। इस दौरान 4 पारियों में धवन ने 91.50 की शानदार औसत से 366 रन बनाए थे।
उनके बल्ले से इस मैदान पर 2 शतक निकले थे, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 190 रन रहा था।
धवन ने गाले स्टेडियम में 50 चौके भी लगाए थे।
#3
विराट कोहली (212 रन)
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 2015 में इस मैदान पर अपना पहला टेस्ट मैच खेला था।
आखिरी बार वह 2017 में गाले के मैदान पर कोई टेस्ट मैच खेलते हुए नजर आए थे।
इस खिलाड़ी ने 2 टेस्ट की 4 पारियों में एक बार नाबाद रहते हुए 70.66 की औसत से 212 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 2 शतक निकले थे और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 103 रन था।
#4
राहुल द्रविड़ (181 रन)
चौथे स्थान पर पूर्व स्टार बल्लेबाज राहुल द्रविड़ हैं। उन्होंने साल 2001 में इस मैदान पर अपना पहला टेस्ट मैच खेला था।
आखिरी बार वह यहां 2010 में खेलते हुए नजर आए थे।
इस खिलाड़ी ने 3 टेस्ट मैच खेले थे और इसकी 6 पारियों में 36.2 की औसत से 181 रन बनाए थे। वह यहां एक भी शतक नहीं लगा पाए थे।
उनके बल्ले से एक अर्धशतक निकला था और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 61 रन था।