Page Loader
दूसरे टी-20 में श्रीलंका को हराकर भारतीय महिलाओं ने ली अजेय बढ़त, बने ये रिकॉर्ड्स
मंधाना और हरमनप्रीत ने खेली अच्छी पारियां (तस्वीर: ट्विटर/ICC)

दूसरे टी-20 में श्रीलंका को हराकर भारतीय महिलाओं ने ली अजेय बढ़त, बने ये रिकॉर्ड्स

लेखन Neeraj Pandey
Jun 25, 2022
05:25 pm

क्या है खबर?

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को लगातार दूसरे टी-20 मुकाबले में हरा दिया है और सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली है। सीरीज के दूसरे मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने विश्मी गुनारत्ने (45) की बदौलत 125/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में भारत ने स्मृति मंधाना (39) की बदौलत आसानी से मैच जीत लिया। आइए जानते हैं कैसा रहा मुकाबला और क्या बने इसमें रिकॉर्ड्स।

लेखा-जोखा

इस तरह भारत ने जीता मुकाबला

पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका के लिए गुनारत्ने (45) और चमारी अटापट्टू (43) की बदौलत 87 रनों की ओपनिंग साझेदारी की थी। हालांकि, अंतिम छह ओवरों में भारत ने शानदार वापसी करते हुए श्रीलंका को 125 के स्कोर पर ही रोक दिया। स्कोर का पीछा करते हुए भारत ने 48 के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए थे, लेकिन मंधाना (39) और हरमनप्रीत कौर (31*) ने अपनी टीम को जीत दिलाई।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

भारत और श्रीलंका के बीच यह 20वां टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला था। अब तक भारत ने 16 मैचों में जीत दर्ज कर ली है। श्रीलंका को केवल तीन ही मैचों में जीत मिली है। एक मैच का परिणाम नहीं निकल सका है।

हरमनप्रीत कौर

सबसे अधिक टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले भारतीय बनीं हरमनप्रीत

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत ने 32 गेंदों में नाबाद 31 रनों की शांत पारी खेली और एक छोर संभाले रखा। दो चौके लगाते हुए हरमनप्रीत ने भारत को जीत दिलाई। इस पारी के साथ ही हरमनप्रीत के टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 2,372 रन हो चुके हैं। वह पूर्व कप्तान मिताली राज (2,364) को पछाड़ते हुए टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे अधिक रन बनाने वाली भारतीय बल्लेबाज बनी हैं। वह विश्व की सातवीं सबसे अधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज बनी हैं।

स्मृति मंधाना

2,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाली तीसरी भारतीय बनीं मंधाना

मंधाना ने 34 गेंदों में 39 रनों की पारी खेली जिसमें आठ चौके शामिल रहे। इस पारी के साथ ही उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपने 2,000 रन भी पूरे कर लिए हैं। मंधाना इस उपलब्धि को हासिल करने वाली केवल तीसरी भारतीय बल्लेबाज बनी हैं। मिताली राज और हरमनप्रीत ने उनसे पहले यह उपलब्धि हासिल की है। मंधाना अब तक 86 मैचों में लगभग 26 की औसत के साथ 2,011 रन बना चुकी हैं।