अंडर-19 विश्व कप 2026 का खिताब भारत ने जीता, ऐसा रहा टीम का सफर
क्या है खबर?
अंडर-19 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारत की अंडर-19 टीम ने इंग्लैंड को हराते हुए अपना छठा खिताब जीता है। खिताबी मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 411/9 का स्कोर बनाया। जवाब में इंग्लैंड की टीम 311 का स्कोर ही बना सकी। दिलचस्प रूप से इस संस्करण में भारतीय टीम ने अजेय रहते हुए फाइनल में प्रवेश किया था। ऐसे में आइए इस संस्करण में भारत के सफर पर एक नजर डाल लेते हैं।
ग्रुप
ग्रुप चरण में शीर्ष पर रहा भारत
ग्रुप चरण में ग्रुप-B में मौजूद रही भारतीय टीम ने अपने पहले मैच में UAE को 6 विकेट से हराया था। इसके बाद अपने दूसरे मैच में भारत ने बांग्लादेश अंडर-19 टीम को डकवर्थ लुईस नियम से 18 रन से शिकस्त दी थी। न्यूजीलैंड के विरुद्ध तीसरे मुकाबले में भारत ने डकवर्थ लुईस नियम से 7 विकेट से जीत दर्ज की थी। टीम अपने ग्रुप में 6 अंक के साथ पहले स्थान पर रही और शान से सुपर-6 में पहुंची।
सुपर-6
सुपर-6 में भारत ने जीते अपने सभी मैच
भारत ने अपने सुपर-6 के भी सभी मुकाबले जीते। पहले मैच में उसने जिम्बाब्वे अंडर-19 टीम को 204 रन से हराया। इसके बाद पाकिस्तान अंडर-19 को 58 रन से मात देकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। जहां उनका सामना अफगानिस्तान की अंडर-19 टीम से हुआ। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भारत ने 253 रन के लक्ष्य का बचाव किया और उसे 58 रन से शानदार जीत मिली। आयुष म्हात्रे और खिलान पटेल ने 3-3 विकेट चटकाए।
सेमीफाइनल
सेमीफाइनल में भारत ने अफगानिस्तान को दी शिकस्त
दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराते हुए फाइनल में प्रवेश किया। हरारे स्टेडियम में खेले गए मैच में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर के बाद 4 विकेट के नुकसान पर 310 रन बनाए। जवाब में भारत ने सिर्फ 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आरोन जॉर्ज ने 104 गेंदों का सामना करते हुए 115 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से 68 और आयूष के बल्ले से 62 रन निकले।
रन
इन बल्लेबाजों ने बनाए सर्वाधिक रन
भारतीय टीम से सर्वाधिक रन वैभव ने बनाए। 14 साल के इस खिलाड़ी के बल्ले से 7 पारियों में 62.71 की औसत और 169.49 की स्ट्राइक रेट से 439 रन निकले। वह टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे। विहान मल्होत्रा ने 7 मैचों की 7 पारियों में 60 की औसत और 83.62 की स्ट्राइक रेट से 240 रन बनाए। उन्होंने 1 शतक भी जड़ा और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 109 रन रहा।
विकेट
इन गेंदबाजों ने लिए सर्वाधिक विकेट
भारत की ओर से सबसे सफल गेंदबाज हेनिल पटेल रहे। उन्होंने 7 मैचों में 17.22 की औसत और 4.44 की इकॉनमी रेट के साथ 11 विकेट चटकाए। भारत के इस सफल अभियान में आरएस अंब्रिश और खिलन पटेल की भी अहम भूमिका रही। अंब्रिश ने 7 मैचों में 20.63 की औसत और 4.93 की इकॉनमी रेट से 11 विकेट लिए। खिलन के खाते में 7 पारियों में 30.77 की औसत और 5 की इकॉनमी रेट से 9 विकेट आए।