LOADING...
राष्ट्रमंडल खेल 2022: लॉन बॉल में भारत ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा
भारतीय महिलाओं की चौकड़ी ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराया (तस्वीर: ट्विटर/@Media_SAI)

राष्ट्रमंडल खेल 2022: लॉन बॉल में भारत ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा

Aug 02, 2022
07:10 pm

क्या है खबर?

बर्मिंघम में खेले जा रहे राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत की लवली चौबे, पिंकी, नयनमोनी साइकिया और रूपा रानी टिर्की की चौकड़ी (Fours) ने लॉन बॉल में स्वर्ण पदक हासिल किया है। फाइनल मुकाबले में भारतीय चौकड़ी ने दक्षिण अफ्रीका को 17-10 से हराकर इतिहास रच दिया है। राष्ट्रमंडल खेलों में यह पहला मौका है जब भारत लॉन बॉल में कोई पदक जीत सका है। इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

फाइनल

भारत ने इस तरह से जीता स्वर्ण

फाइनल मुकाबले में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच कड़ी शुरुआत रही। शुरुआती पांच राउंड (एंड) के बाद भारतीय चौकड़ी ने 4-2 की बढ़त बना ली। दक्षिण अफ्रीका की टीम ने वापसी की और 11वें राउंड के बाद स्कोर 10-8 से अपने पक्ष में कर लिया। हालांकि, आखिरी पांच राउंड में भारत ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए एक बार फिर बढ़त हासिल कर ली और अंततः स्वर्ण पदक पर कब्जा कर लिया।

इतिहास

1930 से ही राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल है लॉन बॉल

राष्ट्रमंडल खेल का पहला संस्करण 1930 में खेला गया था और लॉन बॉल उद्घाटन संस्करण से ही इन खेलों का हिस्सा रहे हैं। बर्मिंघम खेलों से पहले लॉन बॉल में इंग्लैंड (51 पदक), ऑस्ट्रेलिया (50) और दक्षिण अफ्रीका (44) ने राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में सबसे ज्यादा पदक जीते हैं। वहीं अगर भारत की बात करें तो बर्मिंघम में पहला मौका है जब भारत लॉन बॉल में कोई पदक जीत सका है।

Advertisement

इतिहास

फाइनल में पहुंचकर रचा था इतिहास

सोमवार को भारतीय महिला टीम ने न्‍यूजीलैंड को 16-13 से मात देकर राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में पहली बार अपना पदक पक्का कर लिया था। दूसरे राउंड के बाद 0-5 से पिछड़ने के बाद भारतीय टीम ने जोरदार वापसी की थी और नौवें राउंड के बाद दोनों टीम 7-7 से बराबरी थी जबकि 10वें राउंड के बाद भारत ने 10-7 की बढ़त बना ली थी। अंत में अविश्वसनीय प्रदर्शन करते हुए भारत ने फाइनल में स्थान सुनिश्चित कर लिया था।

Advertisement

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

लॉन बॉल एथलीट नयनमोनी साइकिया पहले भारोत्तोलक थीं, लेकिन पैर चोट के कारण वह इसे आगे जारी नहीं रख सकी। उन्होंने लॉन बॉल में भारत को पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।

Advertisement