टी-20 क्रिकेट में वेस्टइंडीज के खिलाफ कैसा रहा है भारत का प्रदर्शन?
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम अपना अगला मुकाबला 1 मार्च (रविवार) को वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ खेलेगी। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए करो या मरो जैसा होगा, क्योंकि जीतने वाली टीम सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश करेगी। सुपर-8 चरण में दोनों टीमों ने एक-एक मुकाबला जीता है, जबकि दोनों को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में आइए दोनों टीमों के आपसी रिकॉर्ड और प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत का पलड़ा रहा है भारी
वेस्टइंडीज और भारत के बीच पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2009 में खेला गया था। अब तक दोनों टीमों के बीच 30 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 19 मैच में भारतीय टीम को जीत मिली है और 10 मैच वेस्टइंडीज ने अपने नाम किए हैं। इस बीच एक मैच बेनतीजा भी रहा है। टी-20 प्रारूप में दोनों टीमों की पिछली 5 भिड़ंत में से 3 में वेस्टइंडीज को जीत मिली है।
जीत
टी-20 विश्व कप में वेस्टइंडीज टीम का रहा है वर्चस्व
टी-20 विश्व कप में अब तक दोनों टीमें कुल 4 मैचों में आपस में भिड़ी हैं, जिसमें से 3 में वेस्टइंडीज टीम जीती है और सिर्फ 1 मुकाबला भारतीय टीम ने अपने नाम किया है। आखिरी बार टी-20 विश्व कप 2016 में दोनों टीमों का आमना-सामना हुआ था, जिसे वेस्टइंडीज की टीम ने 7 विकेट से जीता था। भारतीय टीम को एकमात्र जीत 2014 के विश्व कप में 7 विकेट से मिली थी।
प्रदर्शन
वेस्टइंडीज के इन खिलाड़ियों का अच्छा रहा है प्रदर्शन
भारत के खिलाफ टी-20 में वेस्टइंडीज के लिए सबसे ज्यादा रन निकोलस पूरन ने बनाए हैं। उनके बल्ले से 20 मैचों में 32.88 की औसत और 135.15 की स्ट्राइक रेट से 592 रन निकले हैं। शिमरोन हेटमायर ने 19 मैचों में 23.23 की औसत और 131.22 की स्ट्राइक रेट से 395 रन बनाए। ओबेड मैककॉय ने 24.25 की औसत से 9 मैचों में 12 विकेट चटकाए। जेसन होल्डर और रोमारियो शेफर्ड ने संयुक्त रूप से 11-11 विकेट अपने नाम किए।
भारत
भारत के इन खिलाड़ियों का रहा है शानदार प्रदर्शन
रोहित शर्मा ने वेस्टइंडीज के विरुद्ध 22 मैचों में 38.5 की औसत और 142.88 की स्ट्राइक रेट से 693 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 1 शतक और 5 अर्धशतक लगाए हैं। मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 11 पारियों में 40.8 की औसत से 408 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में कुलदीप यादव ने 13.41 की औसत से 17 विकेट और अर्शदीप सिंह ने 19.21 की औसत से 14 विकेट लिए हैं।