भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका तीसरा टी-20: गायकवाड़-किशन के अर्धशतकों की बदौलत भारत ने बनाए 179 रन

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच विशाखापट्टनम में खेले जा रहे तीसरे टी-20 मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 179/5 का स्कोर बनाया है। भारतीय टीम के लिए रुतुराज गायकवाड़ (57) ने सबसे अधिक रनों का योगदान दिया है। दक्षिण अफ्रीका की ओर से ड्वेन प्रिटोरियस ने 29 रन खर्च करते हुए सबसे अधिक दो विकेट लिए। आइए जानते हैं कैसी रही भारतीय पारी और अन्य जरूरी बातें।
गायकवाड़ और ईशान किशन की ओपनिंग जोड़ी ने भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। पहले चार ओवर में केवल 28 रन बना पाने के बाद पावरप्ले के अंतिम दो ओवरों में दोनों बल्लेबाजों ने खुलकर रन बनाए। पांचवें ओवर में कुल 21 रन आए थे जिसमें गायकवाड़ ने लगातार पांच चौके लगाए थे। पावरप्ले के आखिरी ओवर में आठ रन आए थे और भारत ने पहले छह ओवर में बिना किसी नुकसान के 57 रन बनाए थे।
गायकवाड़ ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों में अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 35 गेंदों में 57 रनों की पारी खेली जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल थे। 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर गायकवाड़ 97 के कुल योग पर आउट हुए। किशन ने भी अच्छे हाथ दिखाए और 35 गेंदों में 54 रनों की पारी खेली जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल रहे।
बीच के ओवरों में दक्षिण अफ्रीका ने अच्छी वापसी की और भारत को खुलकर रन नहीं बनाने दिया। 13वें ओवर की आखिरी गेंद पर श्रेयस अय्यर के रूप में भारत को तीसरा झटका लगा था। इसके बाद 14वें ओवर में किशन और 16वें ओवर ऋषभ पंत आउट हुए। पहले 10 ओवरों में 97 रन बनाने वाली भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका ने आखिरी सात ओवरों में केवल 51 रन ही बनाने दिए।
दक्षिण अफ्रीका ने कुल छह गेंदबाजों का इस्तेमाल किया। प्रिटोरियस ने चार ओवर में 29 रन देकर सर्वाधिक दो विकेट लिए। कगीसो रबाडा ने चार ओवर में 31 और तबरेज शम्सी ने चार ओवर में 36 रन देकर एक-एक विकेट लिए। केशव महाराज ने दो ओवर में 24 रन देकर एक विकेट लिया। एनरिच नोर्खिया ने दो ओवर में 23 रन दिया और कोई विकेट नहीं ले सके।