Page Loader
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, चौथा टी-20: वांडरर्स स्टेडियम, जोहान्सबर्ग के दिलचस्प आंकड़े और अहम जानकारी 
भारतीय टीम यह मुकाबला जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेगी (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, चौथा टी-20: वांडरर्स स्टेडियम, जोहान्सबर्ग के दिलचस्प आंकड़े और अहम जानकारी 

Nov 14, 2024
11:28 am

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के बीच टी-20 सीरीज का आखिरी मुकाबला 15 नवंबर को वांडरर्स स्टेडियम, जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा। सीरीज में 3 मुकाबले खेले गए हैं। पहले मैच में भारतीय टीम को 61 रन से जीत मिली थी। दूसरा मुकाबला दक्षिण अफ्रीका ने 3 विकेट से अपने नाम किया था। तीसरे मैच को भारतीय टीम ने 11 रन से जीता था। ऐसे में आइए वांडरर्स स्टेडियम, जोहान्सबर्ग के आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।

पिच

कैसी है पिच की स्थिति?

न्यू वांडरर्स स्टेडियम की पिच को पारंपरिक तौर पर बल्लेबाजी के लिए अनुकूल माना जाता है। इसी मैदान पर दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ 2006 में खेले गए वनडे मैच में 435 रन के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया था। यहां अगर बल्लेबाजों की नजरें जम जाती है तो वो आसानी से बड़े स्कोर बनाते हैं। तेज गेंदबाजों को इस पिच पर अच्छी मदद मिलती है। स्पिन गेंदबाज यहां असरदार साबित नहीं हो पाते हैं।

मैदान

दोनों टीमों का इस मैदान पर कैसा रहा है प्रदर्शन? 

भारतीय टीम ने इस मैदान पर अब तक 6 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। इस दौरान 4 मुकाबलों में टीम को जीत मिली है। भारतीय टीम यहां सिर्फ 2 मैच हारी है। उसने इस मैदान पर पहला मैच साल 2006 में खेला था। दक्षिण अफ्रीका ने इस मैदान पर 25 मुकाबले खेले हैं। 14 मैच में टीम को जीत और 11 मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। टीम ने यहां पहला मुकाबला साल 2005 में खेला था।

रन

इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज 

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में यहां सबसे ज्यादा रन ग्रीम स्मिथ ने बनाए थे। उन्होंने 9 मैच की 9 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 48.71 की औसत से 341 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 89* रन था। फाफ डु प्लेसिस दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने इस मैदान पर 5 मैच खेले हैं और इसकी 5 पारियों में 164.19 की स्ट्राइक रेट से 266 रन बनाने में सफल रहे हैं।

विकेट

इन गेंदबाजों ने लिए हैं सबसे ज्यादा विकेट 

दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदाज एंडिले फेहलुकवायो सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में पहले स्थान पर हैं। जोहान्सबर्ग में इस खिलाड़ी ने 8 मैच खेले हैं और इसकी 7 पारियों में 20.77 की औसत से 9 विकेट झटके हैं। डेल स्टेन इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने यहां 7 मुकाबले खेले है और इसकी 7 पारियों में 24.37 की औसत से 8 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2/18 विकेट का रहा है।