WCL: क्रिकेट के मैदान पर फिर भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान, 2025 में 2 बार रद्द हुआ था मुकाबला
क्या है खबर?
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) के 2026 संस्करण में इंडिया चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस के बीच मुकाबला एक बार फिर तय किया गया है। दोनों टीमें 10 अक्टूबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। हालांकि, 2025 में दोनों के बीच 2 मुकाबले निर्धारित होने के बावजूद नहीं हो सके थे। ऐसे में इस बार भी मुकाबले के आयोजन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
मामला
2025 में दोनों मुकाबले हुए थे रद्द
इंडिया चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस के बीच WCL 2025 में भारत-पाकिस्तान तनाव के कारण दोनों मुकाबले ही नहीं हो सके थे।
पहला मुकाबला एजबेस्टन में लीग चरण के दौरान था, जिसे भारतीय खिलाड़ियों के पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार के बाद रद्द कर दिया गया।
इसके बाद सेमीफाइनल में भी दोनों टीमें आमने-सामने आने वाली थीं, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों के नहीं खेलने के कारण यह मुकाबला भी नहीं हुआ और पाकिस्तान चैंपियंस बिना खेले फाइनल में पहुंच गई थी।
WCL 2026
10 अक्टूबर को फिर आमने-सामने होंगी टीमें
भारत-पाकिस्तान के बीच 10 अक्टूबर को रात 9 बजे भारतीय समयानुसार मैच निर्धारित है।
2026 संस्करण 3 से 18 अक्टूबर तक UAE में खेला जाएगा। इंडिया चैंपियंस अपने अभियान की शुरुआत 3 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के खिलाफ करेगी और इसके बाद इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, बांग्लादेश और वेस्टइंडीज चैंपियंस से भिड़ेगी।
युवराज सिंह, शाहिद अफरीदी, क्रिस गेल, एबी डिविलियर्स, डेविड वॉर्नर, मोईन अली और महमूदुल्लाह रियाद समेत कई प्रमुख दिग्गजों के तीसरे सीजन में खेलने की उम्मीद है।