Page Loader
भारत बनाम न्यूजीलैंड: डेरिल मिचेल ने जड़ा चैंपियंस ट्रॉफी में अपना पहला अर्धशतक, जानिए आंकड़े
न्यूजीलैंड के लिए डेरिल मिचेल ने खेली अर्धशतकीय पारी

भारत बनाम न्यूजीलैंड: डेरिल मिचेल ने जड़ा चैंपियंस ट्रॉफी में अपना पहला अर्धशतक, जानिए आंकड़े

Mar 09, 2025
05:53 pm

क्या है खबर?

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बल्लेबाल डेरिल मिचेल ने रविवार को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ जुझारू बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (63) खेली। यह उनके वनडे क्रिकेट करियर का 8वां और चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास में पहला अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 91 गेंदों में पूरा किया। उनकी इस पारी की बदौलत ही कीवी टीम मैच में सम्मानजनक स्कोर बनाने में सफल रही। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

बल्लेबाजी

कैसी रही मिचेल की पारी और साझेदारी?

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कीवी टीम को 69 रन के स्कोर पर दूसरा झटका लगा था। उसके बाद मिचेल बल्लेबाजी के लिए आए थे। उन्होंने टॉम लैथम (14) के साथ चौथे विकेट के लिए 33 रन और ग्लेन फिलिप्स (34) के साथ 5वें विकेट के लिए 57 रन की अहम साझेदारी निभाई। इसके बाद उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया। मिचेल अपनी पारी में 101 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 63 रन बनाकर आउट हुए।

करियर

कैसा रहा है मिचेल का वनडे करियर?

मिचेल ने 2021 में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने वनडे क्रिकेट करियर का आगाज किया था। वह अब तक 49 मैचों की 44 पारियों में 48.82 की औसत और 95.20 की स्ट्राइक रेट से 1,904 रन बनाने में सफल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 8 अर्धशतकों के अलावा 6 शतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 134 रन का रहा है। वह 15 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 13 विकेट झटकने में भी सफल रहे हैं।