Loading...
भारत ने पहले वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराया, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स 
भारतीय टीम को पहले वनडे मैच में शानदार जीत मिली (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

भारत ने पहले वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराया, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स 

Nov 04, 2026
03:14 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम ने पहले वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को डकवर्थ लुईस (DLS) नियम के तहत 5 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने 5 मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। बारिश के कारण दूसरी पारी में 2 बार खेल रोकना पड़ा। इसके बाद भारतीय टीम को 32 ओवर में 143 रन का लक्ष्य मिला। न्यूजीलैंड की पूरी टीम पहली पारी में 185 रन पर सिमट गई थी।

लेखा-जोखा

मैच का लेखा-जोखा 

मैच में शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका ये फैसला सही साबित हुआ।

न्यूजीलैंड के लिए कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए।

वहीं, अंशुल कम्बोज को 2 सफलता मिली। गुरनूर बराड़ ने 3 विकेट लिए।

पूरी टीम 40.2 ओवर में पवेलियन में थी। जवाब में गिल (37) और विराट कोहली (74) की पारियों ने टीम को जीत दिला दी।

गेंदबाजी

ऐसी रही अर्शदीप की गेंदबाजी 

अर्शदीप ने 10 ओवर में 70 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। उनकी इकॉनमी 7 की रही।

हालांकि, आखिरी ओवरों में वह काफी महंगे साबित हुए। अपने अंतिम ओवर में उन्होंने 23 रन खर्च किए, जिसमें ब्लेयर टिकनर ने उन्हें 3 छक्के जड़ दिए।

अर्शदीप ने विल यंग (9), हेनरी निकोल्स (9), ग्लेन फिलिप्स (30) और काइल जैमीसन (1) को आउट किया और कीवी टीम को शुरुआती झटके दिए। न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने पहली बार 4 विकेट हॉल लिया।

ADVERTISEMENT

उपलब्धि

अर्शदीप ने हासिल की ये उपलब्धि 

न्यूजीलैंड की धरती पर वनडे क्रिकेट में किसी भारतीय तेज गेंदबाज का यह चौथा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन रहा।

इस सूची में जवागल श्रीनाथ पहले स्थान पर हैं, जिन्होंने 2003 में ऑकलैंड में 23 रन देकर 4 विकेट लिए थे।

श्रीनाथ ने 1995 में नेपियर में भी 52 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे। मोहम्मद शमी 2014 में नेपियर में 55 रन देकर 4 विकेट ले चुके हैं।

अर्शदीप ने 2026 में ऑकलैंड में 4 विकेट अपने नाम किए।

ADVERTISEMENT

अनोखा

टिकनर ने हासिल की ये खास उपलब्धि 

नंबर-11 पर बल्लेबाजी करने उतरे टिकनर ने ताबड़तोड़ पारी खेलते हुए एक खास रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने मैच में 4 छक्के लगाए। वनडे क्रिकेट के इतिहास में भारत के खिलाफ ऐसा कारनामा सिर्फ 2 बार हुआ है।

जब किसी नंबर-11 के बल्लेबाज ने एक पारी में 2 या उससे ज्यादा छक्के जड़े हैं।

दोनों बार यह कारनामा न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने किया है। इससे पहले साल 2003 में शेन बॉन्ड ने ऑकलैंड में भारत के खिलाफ 3 छक्के लगाए थे।

शर्मनाक

रोहित के नाम आया ये अनचाहा रिकॉर्ड 

पहले वनडे मुकाबले में भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए।

उन्होंने 6 गेंदों का सामना किया, लेकिन काइल जैमीसन ने उन्हें पवेलियन की राह दिखा दी।

इसके साथ ही रोहित पहली बार वनडे क्रिकेट के इतिहास में न्यूजीलैंड के खिलाफ शून्य पर आउट हुए हैं।

वह अब तक भारत के लिए बतौर सलामी बल्लेबाज 9 बार बिना खाता खोले आउट हो चुके हैं।

कप्तान

गिल ने लिस्ट-A क्रिकेट में पूरे किए 6,000 रन 

गिल ने मैच के दौरान लिस्ट-A क्रिकेट में अपने 6,000 रन पूरे कर लिए। भारतीय कप्तान ने 12वां रन बनाते ही ये आंकड़ा छूआ।

मैच में इस खिलाड़ी ने 56 गेंदों का सामना किया और 37 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 5 चौके निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 66.07 की रही।

उन्होंने अब तक 127 लिस्ट-A मुकाबलों में 55 से अधिक की औसत से 6,000 से ज्यादा रन बनाए हैं।

रिकॉर्ड

कोहली ने ये बड़ा रिकॉर्ड किया अपने नाम 

वनडे क्रिकेट में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में कोहली शीर्ष पर पहुंच गए हैं।

उन्होंने 13,000 रन 61.61 की शानदार औसत के साथ पूरे किए हैं।

इस सूची में दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग हैं, जिन्होंने 42.48 की औसत से 12,662 रन बनाए हैं।

कुमार संगकारा (9,747 रन), जैक्स कैलिस (7,774 रन) और केन विलियमसन (6,504 रन) इस सूची में शामिल अन्य बल्लेबाज हैं।

मैच

कोहली ने खेली मैच जीताऊ पारी 

कोहली ने 51 गेंदों का सामना किया और 74 रन बनाए। उनके बल्ले से 13 चौके और एक छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 145.10 की रही।

इस खिलाड़ी ने कप्तान गिल के साथ मिलकर 104 गेंदों में 113 रन की साझेदारी निभाई। कोहली के वनडे करियर का यह 80वां अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने सिर्फ 35 गेंदों में पूरा किया।

कीवी टीम के खिलाफ इस खिलाड़ी ने अपना 11वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने इस टीम के खिलाफ 7 शतक भी जड़े हैं।

ADVERTISEMENT