LOADING...
इंग्लैंड बनाम भारत: एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज 
यशस्वी जायसवाल इस सूची में पहले स्थान पर हैं (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

इंग्लैंड बनाम भारत: एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज 

Jun 11, 2025
03:44 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम और भारतीय क्रिकेट टीम के बीच 20 जून से 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज होने जा रहा है। रोहित शर्मा, रविचंद्रन अश्विन और विराट कोहली जैसे खिलाड़ियों के संन्यास लेने के बाद शुभगन गिल की कप्तानी में एक नई भारतीय टीम इंग्लैंड के दौरे पर गई है। इस मौके पर आइए जानते हैं उन भारतीय बल्लेबाजों के बारे में, जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं।

#1

यशस्वी जायसवाल (712 रन) 

सूची में पहले स्थान पर युवा भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल हैं। साल 2023 में इंग्लैंड की टीम भारत के दौरे पर आई थी। उस सीरीज में 5 टेस्ट मैच खेले गए थे। यशस्वी ने 9 पारियों में 89 की उम्दा औसत के साथ 712 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 2 शतक और 3 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 214* रन रहा था। यशस्वी ने उस सीरीज में 68 चौके और 26 छक्के लगाए थे।

#2

विराट कोहली (655 रन) 

दूसरे स्थान पर भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली हैं। इंग्लैंड की टीम 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने साल 2016 में भारत आई थी। उस सीरीज में कोहली के बल्ले से 8 पारियों में 655 रन निकले थे। उनकी औसत 109.16 की रही थी। कोहली ने 2 शतक और 2 अर्धशतक जड़े थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 235 रन रहा था। कोहली ने उस सीरीज में 72 चौके और 1 छक्का लगाया था।

#3

राहुल द्रविड़ (602 रन) 

तीसरे स्थान पर भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ हैं। साल 2002 में भारतीय टीम इंग्लैंड के दौरे पर गई थी। उस सीरीज में द्रविड़ का बल्ला जमकर बोला था। उन्होंने 4 टेस्ट की 6 पारियों में 100.33 की धमाकेदार औसत के साथ 602 रन बना दिए थे। उनके बल्ले से 3 शतक और 1 अर्धशतक निकला था। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 217 रन रहा था। उन्होंने उस सीरीज में 85 चौके लगाए थे।

#4

विराट कोहली (593 रन) 

इस सूची में चौथे स्थान पर भी कोहली ही हैं। साल 2018 में भारतीय टीम 5 टेस्ट मैच खेलने इंग्लैंड गई थी। उस सीरीज में कोहली ने 10 पारियों में 59.30 की शानदार औसत के साथ 593 रन बना दिए थे। उनके बल्ले से 2 शतक और 3 अर्धशतक निकले थे और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 149 रन रहा था। कोहली ने उस सीरीज में 67 चौके लगाए थे। उनके बल्ले से सिर्फ 1 छक्का निकला था।