टी-20 विश्व कप में भारत और इंग्लैंड के बीच रही है कड़ी टक्कर, जानिए जरूरी बातें
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच 5 मार्च (गुरुवार) को खेला जाएगा। ये मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा। इंग्लैंड ने सुपर-8 के चरण में कमाल का खेल दिखाया और सभी मुकाबलों में जीत दर्ज की। वहीं, सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम एक मुकाबला हारी औ उसे 2 मैच में जीत मिली। इस बीच मैच से जुड़ी सभी अहम जानकारी पर एक नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
दोनों टीमों के बीच रही है कड़ी टक्कर
भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 29 मैच हुए हैं, जिसमें से 17 मैच में भारतीय टीम को जीत मिली है और 12 मैच इंग्लैंड ने अपने नाम किए हैं। दोनों टीमों की पिछली 5 भिड़ंत में इंग्लैंड को सिर्फ 1 मैच में ही जीत मिल पाई है। टी-20 विश्व कप में दोनों टीमें कुल 5 मैचों में आपस में भिड़ी हैं, जिसमें से 3 में भारतीय टीम जीती है और 2 मुकाबला इंग्लैंड ने अपने नाम किया है।
भारत
इस संयोजन के साथ उतर सकती है भारतीय टीम
भारतीय टीम ने आखिरी मुकाबले में वेस्टइंडीज को हराया था। उसे 5 विकेट से जीत मिली थी। मैच में संजू सैमसन ने कमाल की पारी (97 रन) खेली थी। ऐसे में उनसे एक और जोरदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वहीं, गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती अपनी स्पिन गेंदबाजी से इंग्लैंड को परेशान करना चाहेंगे। संभावित एकादश: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती।
इंग्लैड
ऐसी हो सकती है इंग्लैंड की टीम
इंग्लैंड की टीम भले ही शानदार प्रदर्शन कर रही हो, लेकिन उनके अनुभवी सलामी बल्लेबाज जोस बटलर इस टूर्नामेंट में पूरी तरह से फ्लॉप रहे हैं। ऐसे में उनसे इस बड़े मुकाबले में एक धमाकेदार पारी की उम्मीद होगी। गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर और आदिल राशिद बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगे। संभावित एकादश: फिलिप सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम कर्रन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर और आदिल राशिद।
पिच
कैसा रहेगा पिच का मिजाज?
वानखेड़े स्टेडियम को बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माना जाता है। हालांकि, इस टूर्नामेंट में यहां रन बनाना उतना आसान नहीं लग रहा। अभी तक खेले गए मैचों में गेंदबाजों को काफी मदद मिली है। पिच स्पिनरों को कुछ हद तक ज्यादा सहायता प्रदान कर रही है। तेज गेंदबाजों को भी शुरुआती ओवर में मदद मिल रही है। यहां की सीमा रेखा अन्य स्टेडियम के मुकाबले थोड़ी छोटी है। ऐसे में बल्लेबाज नजरें जमाकर बड़ी पारी खेलना चाहेंगे।
जानकारी
कैसा रहेगा मुंबई का मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, 5 मार्च को मुंबई में मौसम बिल्कुल साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहने का अनुमान है। मैच के दौरान बारिश होने की संभावना नहीं है। ऐसे में दर्शक पूरे मैच का आनंद ले सकते हैं।
नजर
इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
सूर्यकुमार इस विश्व कप की 7 पारियों में 38.50 की औसत से 231 रन बनाए हैं। ईशान के बल्ले से 7 पारियों में 185.12 की स्ट्राइक रेट से 224 रन निकले हैं। कप्तान ब्रूक ने 7 पारियों में 161.70 की स्ट्राइक रेट से 228 रन बनाए हैं। जैक्स के बल्ले से 63.66 की औसत से 191 रन निकले हैं। वरुण ने पिछले 7 मैच में 12 विकेट लिए हैं। इंग्लैंड से राशिद ने 7 मैच में 11 विकेट चटकाए हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
भारत और इंग्लैंड के बीच यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।