Page Loader
भारत बनाम बांग्लादेश: रविचंद्रन अश्विन ने लगाया अपने टेस्ट करियर का छठा शतक, जानिए उनके आंकड़े
अश्विन ने लगाया अपने टेस्ट करियर का छठा शतक (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

भारत बनाम बांग्लादेश: रविचंद्रन अश्विन ने लगाया अपने टेस्ट करियर का छठा शतक, जानिए उनके आंकड़े

Sep 19, 2024
05:47 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट में शानदार शतक (102*) लगाया है। उन्होंने चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में भारतीय पारी को संकट से निकाला है। उन्होंने अपने टेस्ट करियर का छठा और बांग्लादेश के विरुद्ध पहला शतक लगाया है। इस बीच उन्होंने रविंद्र जडेजा के साथ मिलकर बड़ी साझेदारी भी की है। आइए उनकी पारी और आंकड़ों के बारे में जानते हैं।

पारी 

शानदार रही अश्विन की पारी 

बांग्लादेश के हसन महमूद की घातक गेंदबाजी के चलते भारत ने 144 के स्कोर पर अपना छठा विकेट खोया। संकट की घड़ी में क्रीज पर आए अश्विन ने अपने घरेलू मैदान पर अच्छी रन गति से बल्लेबाजी की। उन्होंने दूसरे छोर से रविंद्र जडेजा का अच्छा साथ मिला। इस जोड़ी ने मिलकर बड़ी शतकीय साझेदारी की और टीम का स्कोर 300 रन के पार पहुंचाया। उम्दा बल्लेबाजी कर रहे अश्विन ने पहले दिन के तीसरे सत्र में शतक पूरा किया।

रिकॉर्ड्स 

अश्विन ने बनाए ये रिकॉर्ड्स

अश्विन ने 108 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह उनका टेस्ट में सबसे तेज शतक है। उन्होने अपने घरेलू मैदान एमए चिदंबरम स्टेडियम में दूसरा शतक लगाया है। इस मैदान पर उन्होंने 300 से अधिक रन बना लिए हैं। 38 वर्षीय अश्विन टेस्ट में शतक लगाने वाले चौथे सबसे उम्रदराज भारतीय खिलाड़ी बने हैं। उनसे ज्यादा उम्र में भारत की ओर से विजय मर्चेंट, राहुल द्रविड़ और वीनू मांकड़ ने शतक लगाए हैं।

जानकारी

अश्विन ने नंबर-8 पर लगाया अपना चौथा टेस्ट शतक 

अश्विन ने नंबर-8 पर बल्लेबाजी करते हुए अपना चौथा टेस्ट शतक लगाया है। नंबर-8 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए उनसे ज्यादा शतक सिर्फ डेनियल विटोरी (5) ने लगाए थे। इस नंबर पर कामरान अकमल और जेसन होल्डर ने 3-3 शतक लगाए हैं।

आंकड़े 

शानदार रहा है अश्विन का बल्लेबाजी करियर

अपने टेस्ट करियर में गेंदबाजी में 500 से अधिक विकेट ले चुके अश्विन ने बल्लेबाजी में भी कमाल किया है। उन्होंने अब तक 101 टेस्ट की 142 पारियों में 3,400 से अधिक रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 6 शतक के अलावा 14 अर्धशतक अपने नाम किए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वोच्च स्कोर 124 रन रहा है। वह बांग्लादेश के खिलाफ 7 पारियों में 250 से अधिक रन बना चुके हैं।

पहला दिन 

अश्विन-जडेजा ने भारत की पारी को संभाला 

भारत ने पहले दिन के खेल की समाप्ति तक 6 विकेट के नुकसान पर 339 रन बनाए हैं। पहले दिन सिर्फ 80 ओवर का ही खेल संभव हो पाया। स्टम्प्स की घोषणा तक क्रीज पर अश्विन (102*) और जडेजा (86) बने हुए हैं। इस जोड़ी ने 7वें विकेट के लिए 195 रन की अटूट साझेदारी की है। इनके अलावा भारत से यशस्वी जायसवाल ने अर्धशतक (56) लगाया। बांग्लादेश से महमूद ने 4 विकेट लिए हैं।