Page Loader
भारत बनाम बांग्लादेश, पहला टी-20: भारतीय टीम को मिली 7 विकेट से जीत, ये बने रिकॉर्ड्स 
भारतीय टीम सीरीज में 1-0 से आगे है (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

भारत बनाम बांग्लादेश, पहला टी-20: भारतीय टीम को मिली 7 विकेट से जीत, ये बने रिकॉर्ड्स 

Oct 06, 2024
10:02 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ पहला टी-20 मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया है। इसी के साथ सूर्यकुमार यादव की टीम ने 3 मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 19.5 ओवर में सिर्फ 127 रन बनाए थे। उनका कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। भारतीय टीम ने 11.5 ओवर में लक्ष्य प्राप्त कर लिया। आइए मुकाबले और रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

मैच का लेखा-जोखा 

भारतीय टीम ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका यह फैसला सही साबित हुआ 57 रन तक टीम के 5 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे। मेहदी हसन मिराज ने बांग्लादेश के लिए सबसे बड़ी पारी (35) खेली। अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती ने 3-3 विकेट झटके। जवाब में अभिषेक शर्मा (16) जल्द पवेलियन लौट गए। हालांकि, इसके बाद सूर्यकुमार (29), हार्दिक पांड्या (39) और संजू सैमसन (29) की पारियों की बदौलत भारतीय टीम को जीत मिली।

जानकारी

हार्दिक की शानदार पारी 

हार्दिक नंबर-5 पर बल्लेबाजी करने आए और 16 गेंदों में 39 रन जडे़। उनके बल्ले से 5 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 243.75 की रही। एक समय लगा कि बांग्लादेश मैच में वापसी करेगी, लेकिन हार्दिक ने ऐसा नहीं होने दिया।

गेंदबाज

छा गए भारतीय गेंदबाज 

भारतीय गेंदबाजों ने कमाल का खेल दिखाया। अर्शदीप ने 3.5 ओवर में 14 रन देकर 3 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी 3.70 की रही। वरुण ने 4 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट लिए। मयंक यादव ने 4 ओवर में 1 मेडन डाला और 21 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किए। हार्दिक पांड्या ने 4 ओवर में 26 रन खर्च किए और उनके खाते में भी 1 विकेट आया। नीतीश रेड्डी ने 2 ओवर में 17 रन दिए।

मेडन

मयंक ने हासिल की ये उपलब्धि 

मयंक ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला ओवर मेडन डाला। वह ऐसा करने वाले भारत के 5वें गेंदबाज बने हैं। सबसे पहले साल 2006 में भारतीय टीम के लिए यह कारनामा पूर्व तेज गेंदबाज और अभी चयनकर्ता अजीत अगरकर ने किया था। खलील अहमद (2018), नवदीप सैनी (2019) और अर्शदीप (2022) ने भी अपने डेब्यू टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले का पहला ओवर मेडन डाला था। मयंक ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का शानदार फॉर्म जारी रखा है।

उपलब्धि

सुरेश रैना से आगे निकले सूर्यकुमार

सूर्यकुमार टी-20 अंतरराष्ट्रीय में छक्के लगाने के मामले में इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर (137) से आगे निकल गए हैं। अब भारतीय कप्तान के नाम 139 छक्के हैं। वहीं, टी-20 क्रिकेट में अब सूर्यकुमार के सुरेश रैना से ज्यादा छक्के हो गए हैं। सूर्या भारतीय खिलाड़ियों में चौथे स्थान पर हैं। रैना के 325 छक्के थे और सूर्यकुमार के 328 छक्के हो गए हैं। उनके आगे सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी (338), विराट कोहली (416) और रोहित शर्मा (525) हैं।