Page Loader
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: श्रेयंका पाटिल ने किया वनडे डेब्यू, जानिए उनके आंकड़े 
श्रेयंका पाटिल ने किया डेब्यू (तस्वीर: एक्स/@ICC)

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: श्रेयंका पाटिल ने किया वनडे डेब्यू, जानिए उनके आंकड़े 

Dec 30, 2023
01:45 pm

क्या है खबर?

भारतीय महिला क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के बीच 3 वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। इस मुकाबले से भारतीय ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल ने अपना वनडे डेब्यू किया। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने उन्हें डेब्यू कैप सौंपी। श्रेयंका भारतीय महिला टीम की ओर से वनडे डेब्यू करने वाली 141वीं खिलाड़ी बनीं।

प्रदर्शन

इसी महीने किया था टी-20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू

श्रेयंका ने इसी महीने की 6 तारीख को इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। उन्होंने अब तक खेले 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 13.80 की औसत और 8.28 की इकॉनमी से 5 विकेट चटकाए हैं। 3/19 इस प्रारूप में उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। इस प्रारूप में वह बल्ले से अभी तक कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी हैं। उन्होंने 1 पारी में 4 रन बनाए हैं।

प्रदर्शन

श्रेयंका ने WPL में चटकाए हैं 6 विकेट

कर्नाटक की ऑलराउंडर श्रेयंका महिला कैरेबियन प्रीमियर लीग और विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का हिस्सा हैं। श्रेयंका इस साल की शुरुआत में इमर्जिंग एशिया कप जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थीं। उन्होंने WPL के पहले सीजन में 7 मुकाबले खेले थे। उस दौरान इस ऑलरांउडर खिलाड़ी ने 7 पारियों में 32 की औसत और 9.84 की इकॉनमी से 6 विकेट चटकाए थे। इसके साथ ही 151 की स्ट्राइक रेट से 62 रन भी बनाए थे।