Page Loader
भारत बनाम अफगानिस्तान: शिवम दुबे ने जड़ा दूसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
शिवम दुबे ने जड़ा दूसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

भारत बनाम अफगानिस्तान: शिवम दुबे ने जड़ा दूसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े

Jan 11, 2024
10:46 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम की बल्लेबाज शिवम दुबे ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय में शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक (60*) जमाया। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने केवल 38 गेंदों में पूरा कर लिया। उनकी पारी की बदौलत भारत ने बड़ी ही आसानी से मैच जीत लिया। आइए दुबे की पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

पारी

कैसी रही दुबे की पारी?

शुभमन गिल (23) के आउट होने के बाद दुबे बल्लेबाजी करने उतरे थे। उन्होंने हाथ खोलते हुए तेजी से रन बनाना शुरू कर दिया। उन्होंने सिर्फ 40 गेंद में नाबाद 60 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 2 शानदार छक्के लगाए। उनकी स्ट्राइक रेट 150 की रही। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए तिलक वर्मा के साथ 44 और चौथे विकेट के लिए जितेश शर्मा के साथ 45 रन की साझेदारी निभाई।

करियर

कैसा रहा है दुबे का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर? 

दुबे ने 2019 में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। उन्होंने अब तक 19 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 35.33 की औसत और 139.47 की स्ट्राइक रेट के साथ 212 रन अपने नाम किए हैं। भारतीय धरती पर उन्होंने 5 पारियों में 151.21 की स्ट्राइक रेट से 124 रन बनाए हैं। उन्होंने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए 9.49 की इकॉनमी रेट के साथ 7 विकेट अपने नाम किए हैं।

परिणाम

भारत ने ऐसे जीता मुकाबला

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही और 57 रन तक 3 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। मोहम्मद नबी ने सर्वाधिक स्कोर (42) रन बनाया। उन्होंने 2 चौके और 3 छक्के लगाए। अजमतुल्लाह उमरजई के बल्ले से 22 गेंद में 29 रन निकले। भारत के लिए मुकेश कुमार और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में भारतीय टीम ने दुबे और जितेश (31) की पारियों के दम पर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।