अंडर-19 विश्व कप 2024: मुशीर खान के शतक की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड को हराया
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने इस समय दक्षिण अफ्रीका में खेले जा रहे अंडर-19 विश्व कप के सुपर-6 मुकाबले में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को 214 रन से हराते हुए अपना विजयी अभियान जारी रखा है।
ब्लूमफोन्टेन में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने मुशीर खान के शतक की बदौलत 295/8 का स्कोर बनाया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए कीवी टीम महज 28.1 ओवर में केवल 81 रन पर ही ढेर हो गई।
लेखा-जोखा
भारत ने इस तरह से दर्ज की जीत
भारत के सलामी बल्लेबाज आदर्श सिंह (52) ने अर्धशतक लगाकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई।
उनके बाद मुशीर ने शतक लगाया और कप्तान उदय सहारण 34 रन की उपयोगी पारी खेली और भारत ने चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया।
जवाब में न्यूजीलैंड ने 22 रन तक अपने 4 विकेट गंवा दिए। इसके बाद भी कीवी टीम ने निरंतर अपने विकेट गंवाए और पूरी टीम सस्ते में सिमट गई। न्यूजीलैंड से कप्तान ऑस्कर जैक्सन ने सर्वाधिक 19 रन बनाए।
मुशीर
मुशीर ने मौजूदा संस्करण में लगाया अपना दूसरा शतक
मुशीर 126 गेंदों पर 131 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी इस पारी में 13 चौके और 3 छक्के लगाए। इस दौरान उन्होंने कप्तान सहारण के साथ तीसरे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी भी की।
यह उनका मौजूदा संस्करण में दूसरा शतक रहा।
इससे पहले अपने ग्रुप स्टेज के मुकाबले में मुशीर ने आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 106 गेंद में 9 चौके और 4 छक्कों की मदद से 118 रन की पारी खेली थी।
2024
इस सीजन में फिलहाल सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं मुशीर
मुशीर अंडर-19 विश्व कप के मौजूदा सीजन में फिलहाल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अपनी 4 पारियों में 81.25 की औसत से 325 रन बना लिए हैं। वह 2 शतक लगाने वाले भी इकलौते बल्लेबाज हैं।
उनके बाद पाकिस्तान के शाहजेब खान की 3 पारियों में 111.50 की औसत से 223 रन बनाए।
शाहजेब के बाद भारतीय कप्तान सहारण हैं, जिन्होंने 52.00 की औसत के साथ 208 रन अपने नाम किए हैं।
जानकारी
शिखर धवन के साथ इस सूची में शामिल हुए मुशीर
मुशीर अब अंडर-19 विश्व कप के एक संस्करण में एक से अधिक शतक लगाने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले शिखर धवन ने 2004 के संस्करण में 3 शतक की मदद से 505 रन बनाए थे।
आदर्श
आदर्श ने इस सीजन में लगाया अपना दूसरा अर्धशतक
भारत की ओर से पारी की शुरुआत करने आए आदर्श ने 58 गेंदों पर 52 रन बनाए। उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी में 6 चौके भी लगाए।
यह मौजूदा सीजन में उनके बल्ले से निकलने वाली दूसरी अर्धशतकीय पारी रही।
इससे पहले उन्होंने बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ 76 रन बनाए थे।
इसके अलावा इस सलामी बल्लेबाज ने आयरलैंड के विरुद्ध 17 रन और USA के विरुद्ध 25 रन बनाए थे।
गेंदबाजी
सौम्या पांडे रहे सबसे सफल गेंदबाज
भारत की ओर से सौम्या पांडे सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 1.90 की इकॉनमी रेट से 19 रन देते हुए 4 विकेट हासिल किए।
बाएं हाथ के इस स्पिन गेंदबाज ने इस सीजन में दूसरी बार किसी मैच में 4 विकेट लिए हैं। इससे पहले बांग्लादेश के विरुद्ध उन्होंने 24 रन देते हुए 4 विकेट लिए थे।
बल्लेबाजी में शतक जड़ने वाले मुशीर ने गेंदबाजी में भी 2 सफलता हासिल की।