भारत का बांग्लादेश दौरा जनवरी 2027 में हो सकता है संभव, BCCI तलाश रहा विंडो- रिपोर्ट
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम इस साल बांग्लादेश का दौरा नहीं कर पाई थी। दोनों देशों के बीच राजनितिक संबंधो में अस्थिरता के चलते भारतीय टीम ने पड़ोसी देश का दौरा नहीं किया था और इसे स्थगित कर दिया गया था। अब खबर है कि भारतीय टीम जनवरी 2027 में बांग्लादेश के दौरे पर वनडे और टी-20 सीरीज में खेलती हुई नजर आ सकती है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
सीरीज
जनवरी में हो सकती है वनडे सीरीज
इंडिया टुडे के मुताबिक, दोनों देशों के बोर्ड्स के बीच सकारात्मक बात हुई है और जनवरी के पहले सप्ताह में 3 वनडे और 3 ही टी-20 मैचों की सीरीज के लिए विंडो तलाशी जा रही है।
BCCI और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
भारतीय टीम के दौरे के लिए अंतिम फैसला भारतीय सरकार का होगा। बोर्ड इस दौरे को अंतिम रूप देने से पहले सरकार की मंजूरी का इंतजार कर रहा है।
चुनौती
व्यस्त कार्यक्रम है सीरीज के लिए चुनौती
भारत का बेहद व्यस्त कार्यक्रम है और अगर भारतीय टीम बांग्लादेश का दौरा करती है तो जिम्बाब्वे सीरीज को आगे-पीछे किया जा सकता है।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम भारत के खिलाफ 3 वनडे मुकाबलों की सीरीज 3 जनवरी (कोलकाता), 6 जनवरी (हैदराबाद) और 9 जनवरी (मुंबई) को खेलेगी।
इसके बाद भारत 21 जनवरी से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की मेजबानी करेगी, जिसमें 5 टेस्ट खेले जाने हैं।
उम्मीद
राजनितिक बदलाव के बाद जगी है उम्मीद
बांग्लादेश में हालिया राजनीतिक बदलाव के बाद रिश्तों में सुधार की उम्मीद जगी है।
खबरों के मुताबिक, BCB के नए अध्यक्ष तमीम इकबाल ने भी दोनों बोर्ड्स के बीच सकारात्मक चर्चा का जिक्र करते हुए कहा है कि भारतीय टीम के बांग्लादेश आने की उम्मीद है।
बता दें कि भारत ने आखिरी बार दिसंबर 2022 में बांग्लादेश का दौरा किया था।
अगर भारतीय टीम बांग्लादेश में सीरीज खेलती है तो यह BCB के लिए आर्थिक रूप से फायदेमंद होगा।
दौरा
मूल रूप से 2025 में होना था दौरा
अगस्त 2025 में होने वाला भारत का बांग्लादेश दौरा जुलाई 2025 में स्थगित कर दिया गया था।
दरअसल, अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार के गिरने के बाद बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता बढ़ गई थी।
इसको ध्यान में रखते हुए भारत सरकार ने भी BCCI को इस हालात में टीम न भेजने की सलाह दी थी।
इसके बाद बांग्लादेश के टी-20 विश्व कप भारत में न खेलने के फैसले ने दोनों बोर्ड के रिश्तों को और खराब कर दिया था।