Loading...
भारत ने खेला अपना 600वां टेस्ट मैच, जानिए टीम का प्रदर्शन और प्रमुख आंकड़े 
भारत ने खेला अपना 600वां टेस्ट (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

भारत ने खेला अपना 600वां टेस्ट मैच, जानिए टीम का प्रदर्शन और प्रमुख आंकड़े 

Aug 20, 2026
12:10 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम ने श्रीलंका क्रिकेट टीम को गॉल में खेले गए टेस्ट में हराया। यह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भारतीय टीम का 600वां मैच रहा। इसके साथ ही भारतीय टीम टेस्ट में 600 मैचों का आंकड़ा छूने वाली तीसरी टीम बनी। इससे पहले इंग्लैंड क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम 600 से अधिक टेस्ट खेल चुकी हैं। इस बीच 600 टेस्ट के बाद भारतीय टीम के प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

शुरुआत 

1932 में भारत ने खेला था अपना पहला टेस्ट 

1932 में भारत के पहले टेस्ट मैच से लेकर 600वें टेस्ट मैच तक का सफर लंबा और ऐतिहासिक रहा है।

भारत के पहले कप्तान सीके नायडू से लेकर टीम में शामिल हुए नए खिलाड़ी शुभमन गिल तक, टीम ने बहुत कुछ देखा है।

25 जून, 1932 को भारत टेस्ट खेलने वाला छठा देश बना था।

भारतीय टीम ने लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर इंग्लैंड के खिलाफ मैच खेला, जिसमें इंग्लिश टीम 158 रनों से जीती थी।

आंकड़े 

भारत ने जीते हैं 187 टेस्ट 

क्रिकइंफो के अनुसार, भारत ने अब तक खेले गए 600 टेस्ट मैचों में से 187 जीते हैं और 188 हारे (टाई- 1) हैं। इनमें 224 मैच ड्रॉ रहे हैं।

भारत ने अब तक सिर्फ ऑस्ट्रेलिया (112), इंग्लैंड (141) और वेस्टइंडीज (102) के खिलाफ ही 100 से अधिक टेस्ट मैच खेले हैं।

इस बीच भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया (33) और इंग्लैंड (37) को 30 से ज्यादा टेस्ट मैचों में हराया है।

ADVERTISEMENT

जानकारी

घरेलू मैदान पर भारत ने खेले हैं 299 टेस्ट

भारत ने घरेलू मैदान पर 299 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से 123 जीते हैं और 60 हारे हैं। भारत ने घरेलू मैदान से बाहर भी 299 टेस्ट मैच खेले, जिसमें से 64 जीते और 126 हारे हैं, जिसमें 2 न्यूट्रल टेस्ट भी शामिल हैं।

ADVERTISEMENT

कप्तानी 

भारत ने कोहली की कप्तानी में जीते हैं सर्वाधिक टेस्ट 

क्रिकइंफो के अनुसार, भारत ने अपने शुरुआती 100 टेस्ट मैचों में से सिर्फ 10 जीते थे। ये सभी टेस्ट जीत घरेलू मैदान पर दर्ज की गई थी।

विराट कोहली (68) और महेंद्र सिंह धोनी (60) ही ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने 60 से ज्यादा टेस्ट मैचों में भारत की कप्तानी की है।

इस बीच कोहली 40 जीत और 17 हार के साथ भारत के सबसे सफल कप्तान हैं।

सर्वाधिक 

भारत से इन 3 बल्लेबाजों ने बनाए हैं 10,000+ रन 

सचिन तेंदुलकर भारत की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

उन्होंने 200 टेस्ट की 329 पारियों में 53.78 की औसत के साथ 15,921 रन (51 शतक और 68 अर्धशतक) बनाए थे।

उनके बाद राहुल द्रविड़ ने 52.63 की औसत के साथ 284 पारियों में 13,265 रन अपने नाम किए थे। पूर्व भारतीय विकेटकीपर ने 36 शतक और 63 अर्धशतक लगाए थे।

सुनील गावस्कर ने 51.12 की औसत से 10,122 रन बनाए थे।

विकेट 

इन गेंदबाजों ने लिए सर्वाधिक विकेट 

भारत के लिए अनिल कुंबले ने सर्वाधिक विकेट लिए थे।

इस पूर्व लेग स्पिनर ने 132 टेस्ट में 29.65 की औसत के साथ 619 विकेट लिए थे। उन्होंने 35 पारियों में 5 विकेट हॉल भी लिए थे।

रविचंद्रन अश्विन ने 106 टेस्ट में 24.00 की औसत के साथ 537 सफलताएं हासिल की थी। उन्होंने 37 पारियों में 5 विकेट हॉल लिए थे।

पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने 29.64 की औसत के साथ 434 विकेट चटकाए थे।

ADVERTISEMENT