भारत-पाकिस्तान मैच: कोलंबाे जाने वाली उड़ानों का किराया लाखों में पहुंचा, होटल भी महंगे
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार (15 फरवरी) को होने वाले मुकाबले को हरी झंडी मिलने के बाद क्रिकेट प्रशंसकों में जरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। इसका असर ट्रैवल बिजनेस में देखा जा रहा है। मुकाबला श्रीलंका के कोलंबो में खेला जाएगा और इसके चलते वहां जाने वाली उड़ानों के किराये में जबरदस्त उछाल आ गया है। दिल्ली और मुंबई से कोलंबो जाने का किराया आम दिनों से 4-5 गुना तक बढ़ गया है।
किराया
दिल्ली से कोलंबो का कितना बढ़ा किराया?
दिल्ली से कोलंबो की हवाई यात्रा का सामान्य किराया लगभग 30,000 रुपये होती थी, जो भारत-पाकिस्तान मैच के कारण 90,000 रुपये से अधिक हो गया है। बिजनेस क्लास के लिए हवाई किराया लगभग 1.92 लाख रुपये के आस-पास हैं। दिल्ली से श्रीलंका एयरलाइंस में एक-तरफा इकोनॉमी सीट के लिए नॉन-स्टॉप उड़ान का किराया 65,000 रुपये से लेकर 1.45 लाख रुपये है। मैच से एक दिन पहले एयर इंडिया की नॉन-स्टॉप उड़ान का किराया 90,000 रुपये से 1.09 लाख रुपये है।
होटल बिजनेस
मुंबई से कितना हुआ हवाई किराया?
मुंबई से कोलंबो की लगभग 3 घंटे की उड़ान के लिए 14 फरवरी का किराया 56,000 से 90,000 रुपये तक है। मैच वाले दिन भी किराया सस्ता नहीं है। श्रीलंकाई एयरलाइंस पर अब 40,000 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। हवाई किराये के अलावा श्रीलंका की राजधानी में 14-15 फरवरी के लिए 3 और 5-स्टार होटल्स में डबल कमरों का प्रति रात किराया बढ़कर 1.05-1.06 लाख रुपये हो गया है, जो आमतौर पर 40,000-50,000 रुपये के बीच रहती हैं।