भारत ने पहले ही ओवर में बिना रन बनाए गंवाए 3 विकेट, ये अनचाहे रिकॉर्ड्स बनाए
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ चौथे वनडे मैच में भारतीय क्रिकेट टीम की बेहद खराब शुरुआत रही। जीत के लिए मिले 334 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने पहले ही ओवर में बिना कोई रन बनाए 3 विकेट गंवाए। यह वनडे क्रिकेट के इतिहास में पहला ऐसा मौका है, जब भारत ने बिना कोई रन बनाए 3 विकेट खोए हैं। इस बीच भारतीय टीम द्वारा बनाए गए अनचाहे रिकॉर्ड्स के बारे में जानते हैं।
हेनरी
हेनरी ने अपने पहले ही ओवर में लिए 3 विकेट
बे ओवल के मैदान पर मैट हेनरी ने अपनी पहली ही गेंद (0.1 ओवर) पर रोहित शर्मा को स्लिप पर खड़े फिन एलन के हाथों कैच आउट कराया।
उसी ओवर की 5वीं गेंद पर हेनरी ने विराट कोहली को बोल्ड करते हुए दोहरा झटका दिया।
अगली ही गेंद पर हेनरी ने कप्तान श्रेयस अय्यर को LBW करते हुए भारत को बैकफुट में धकेल दिया।
ये तीनों भारतीय बल्लेबाज अपना खाता भी नहीं खोल सके।
भारत
ये अनचाहा रिकॉर्ड बनाने वाली चौथी टीम बनी भारत
भारत अब वनडे क्रिकेट में कुल ऐसी चौथी टीम बनी है, जिसने बिना कोई रन बनाए अपने शीर्षक्रम के 3 विकेट खोए हैं।
इससे पहले पाकिस्तान (2 बार), ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश की टीमें ये अनचाहा रिकॉर्ड बना चुकी थी।
पाकिस्तान ने विश्व कप 1983 में न्यूजीलैंड के खिलाफ और 1997 में दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध ऐसा किया था।
बांग्लादेश ने विश्व कप 2003 में श्रीलंका खिलाफ और ऑस्ट्रेलिया ने 2026 में बांग्लादेश के विरुद्ध ऐसा किया था।
जानकारी
दूसरी बार रोहित और कोहली दोनों शून्य पर हुए आउट
क्रिकबज के मुताबिक, यह दूसरी बार है जब रोहित और कोहली दोनों ही एक वनडे मैच में बिना खाता खोले (डक पर) आउट हुए हैं। इससे पहले ऐसा 2010 में दांबुला में श्रीलंका के खिलाफ हुआ था।
रिकॉर्ड्स
रोहित और कोहली ने बनाए ये अनचाहे रिकॉर्ड्स
रोहित अब वनडे पारी की पहली गेंद पर आउट होने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में शुमार हुए हैं।
सौरव गांगुली और वीरेंद्र सहवाग 3-3 बार ऐसा कर चुके हैं।
वहीं, रोहित, सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री, क्रिस श्रीकांत और मनोज प्रभाकर एक-एक बार ऐसा कर चुके हैं।
कोहली वनडे में कुल 20वीं बार शून्य पर आउट हुए। वह वनडे में भारत के लिए सर्वाधिक बार डक पर होने वाले बल्लेबाज (सचिन तेंदुलकर के साथ संयुक्त रूप से) बने हैं।