LOADING...
भारत ने तीसरे वनडे में अफगानिस्तान को हराते हुए 3-0 से जीती सीरीज, ये बने रिकॉर्ड्स 
भारत ने जीती सीरीज (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

भारत ने तीसरे वनडे में अफगानिस्तान को हराते हुए 3-0 से जीती सीरीज, ये बने रिकॉर्ड्स 

Jun 20, 2026
07:53 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम ने तीसरे वनडे मैच में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को 9 विकेट से हराते हुए 3 मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप किया। चेन्नई में हुए मैच में अफगान टीम पहले खेलते हुए 218 रन पर ही सिमट गई, जिसमें हशमतुल्लाह शाहिदी ने शतक (102) लगाया। जवाब में मेजबान टीम ने यशस्वी जायसवाल (110*) और रोहित शर्मा (79) की पारियों की बदौलत लक्ष्य हासिल किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

आसानी से जीती भारतीय टीम

अफगानिस्तान ने 36 रन तक अपने 4 विकेट खो दिए। लगातार गिर रहे विकेटों के बीच शाहिदी ने शतक लगाया और अजमतुल्लाह उमरजई ने 50 रन की पारी खेलते हुए टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। भारत से प्रसिद्ध कृष्णा ने 5 विकेट लिए। जवाब में जायसवाल और रोहित ने शतकीय साझेदारी करते हुए अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद अय्यर ने नाबाद 20 रन का योगदान दिया और भारत ने 28.4 ओवर में लक्ष्य हासिल किया।

शाहिदी 

हशमतुल्लाह शाहिदी ने अपना पहला वनडे शतक लगाया 

अफगानिस्तान को 26 रन के कुल स्कोर पर 2 बड़े झटके लग गए थे। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए शाहिदी के सामने भी 2 और विकेट गिर गए। इसके बाद उन्होंने उमरजई (50) के साथ 5वें विकेट के लिए 114 गेंदों में 105 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मुश्किल से बाहर निकाला। वह अपनी पारी में 131 गेंदों में 13 चौके और 1 छक्के से 102 रन बनाकर आउट हुए। यह उनके वनडे करियर का पहला शतक रहा।

Advertisement

उपलब्धि 

शाहिदी और उमरजई के नाम दर्ज हुई यह उपलब्धि

शाहिदी और उमरजई के बीच हुई 105 रन की साझेदारी के साथ उनके नाम एक खास उपलब्धि दर्ज हो गई। यह वनडे में भारत के खिलाफ अफगानिस्तान की ओर से केवल तीसरी शतकीय साझेदारी है। इससे पहले सीरीज के पहले वनडे मुकाबले में रहमानुल्लाह गुरबाज (102) और शाहिदी (27) ने चौथे विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी निभाई थी। उससे पहले वनडे विश्व कप 2023 में उमरजई और शाहिदी के बीच 121 रन की साझेदारी हुई थी।

Advertisement

उमरजई 

उमरजई ने अपना 9वां वनडे अर्धशतक लगाया

उमरजई ने अपने वनडे करियर का 9वां और भारत के खिलाफ दूसरा अर्धशतक लगाया। वह अपनी पारी में 56 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 50 रन बनाकर आउट हुए। वह 44 वनडे की 36 पारियों में 1,169 रन बना चुके हैं। उनकी औसत 41.75 और स्ट्राइक रेट 97.91 की रही है। वनडे में उन्होंने 1 शतक के अलावा 9 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 149 रन का है।

कृष्णा 

प्रसिद्ध कृष्णा ने लिए 5 विकेट 

कृष्णा ने पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगान टीम को 5 रन के स्कोर पर रहमानुल्लाह गुरबाज (5) के रूप में पहला झटका देते हुए अपने विकेटों का खाता खोला। इसके बाद भी उनकी शानदार गेंदबाजी जारी रही और उन्होंने रहमत शाह (5), इब्राहिम जादरान (11), दरविश रसूली (1) और कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी (102) को भी पवेलियन की राह दिखा दी। उन्होंने अपने कोटे के 8.2 ओवर में 2 मेडन के साथ 23 रन खर्च करते हुए ये सफलताएं अर्जित की।

रिकॉर्ड 

इस विशेष क्लब में शामिल हुए कृष्णा

पावरप्ले में कृष्णा का प्रदर्शन शानदार रहा, क्योंकि उन्होंने अपने पहले 5 ओवरों में 2 मेडन के साथ सिर्फ 6 रन खर्च करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए। वह वनडे के पहले 10 ओवरों में कम से कम 4 विकेट लेने वाले छठे भारतीय बन गए। उनसे पहले मोहम्मद सिराज (2 बार), जवागल श्रीनाथ, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह भी यह कारनामा कर चुके हैं। वहीं, सिराज इस सूची में 5 विकेट लेने वाले एकमात्र भारतीय हैं।

हैट्रिक 

कृष्णा और रोहित ने बनाई अनोखी हैट्रिक

इस मुकाबले में कृष्णा और रोहित ने अनोखी हैट्रिक बनाई। अफगानिस्तान के पहले 3 विकेट कृष्णा ने झटके और तीनों कैच स्पिल में खड़े रोहित शर्मा ने पकड़े। रोहित अब वनडे में किसी गेंदबाज की गेंद पर 3 कैच लेने वाले तीसरे भारतीय फील्डर बने हैं। उन्होंने वीवीएस लक्ष्मण (इरफान पठान बनाम जिम्बाब्वे, 2004) और शिखर धवन (जसप्रीत बुमराह बनाम बांग्लादेश, 2018) की बराबरी कर ली है। रोहित 3 विकेट पर सभी कैच लेने वाले चौथे फील्डर भी हैं।

रोहित 

रोहित शर्मा ने लगाया 62वां वनडे अर्धशतक 

लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित ने अपने वनडे करियर का 62वां अर्धशतक पूरा किया। वह 69 गेंदों 79 रन की पारी खेलकर आउट हुए। अपनी अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 9 चौके और 3 छक्के लगाए। उनकी पारी का अंत मोहम्मद नबी ने किया। अपने वनडे करियर में 285 मैचों में 49.00 की औसत और 92.94 की स्ट्राइक रेट से 11,712 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 33 शतक और 62 अर्धशतक लगाए हैं।

जायसवाल 

जायसवाल ने लगाया शतक 

जायसवाल ने मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली। यह उनके वनडे करियर का दूसरा और अफगान टीम के खिलाफ पहला ही शतक रहा, जिसे उन्होंने 83 गेंदों में पूरा किया। वह 86 गेंदों में 110 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें 14 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। दोनों ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की और पहले विकेट के लिए 137 गेंदों में 170 रन की साझेदारी निभाते हुए टीम को मजबूती दी।

Advertisement