भारत बनाम अफगानिस्तान: हशमतुल्लाह शाहिदी ने जड़ा पहला वनडे शतक, ये बनाए रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी (102) खेली। यह उनके वनडे करियर का पहला ही शतक रहा, जिसे उन्होंने 128 गेंदों में पूरा किया। उनकी इस पारी की बदौलत ही अफगान टीम शुरुआती झटकों से उबरने में सफल रही और मजबूत स्कोर की ओर अग्रसर हो पाई पाई। आइए शाहिदी की पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही शाहिदी की पारी और साझेदारी?
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान को 26 रन के कुल स्कोर पर 2 बड़े झटके लग गए थे। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए शाहिदी के सामने भी 2 और विकेट गिर गए। इसके बाद उन्होंने अजमतुल्लाह उमरजई (50) के साथ 5वें विकेट के लिए 114 गेंदों में 105 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मुश्किल से बाहर निकाला। वह अपनी पारी में 131 गेंदों में 13 चौके और 1 छक्के से 102 रन बनाकर आउट हुए।
उपलब्धि
शाहिदी और उमरजई के नाम दर्ज हुई यह उपलब्धि
शाहिदी और उमरजई के बीच हुई 105 रन की साझेदारी के साथ उनके नाम एक खास उपलब्धि दर्ज हो गई। यह वनडे में भारत के खिलाफ अफगानिस्तान की ओर से केवल तीसरी शतकीय साझेदारी है। इससे पहले सीरीज के पहले वनडे मुकाबले में रहमानुल्लाह गुरबाज (102) और शाहिदी (27) ने चौथे विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी निभाई थी। उससे पहले वनडे विश्व कप 2023 में उमरजई और शाहिदी के बीच 121 रन की साझेदारी हुई थी।
रिकॉर्ड
वनडे डेब्यू के बाद शतक जड़ने में चौथे सर्वाधिक दिन लेने वाले बल्लेबाज
शाहिदी अपने वनडे डेब्यू के बाद शतक जड़ने में चौथे सर्वाधिक दिन लेने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अक्टूबर 2013 डेब्यू करने के 4,644 दिन बाद अपना पहला शतक जड़ा है। इस सूची में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के रेगिस चकाब्वा पहले नंबर पर हैं, जिन्होंने डेब्यू के 5,040 दिन बाद शतक जड़ा था। सूची में भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर (4,858 दिन) दूसरे और श्रीलंका के पूर्व कप्तान अर्जुन रणतुंगा (4,674 दिन) तीसरे नंबर पर हैं।
निराशा
अफगानिस्तान के लिए दूसरा सबसे धीमा शतक
शाहिदी का यह शतक अफगानिस्तान के लिए वनडे में लगाया गया दूसरा सबसे धीमा शतक है। सबसे धीमे शतक का रिकॉर्ड इ्ब्राहिम जादरान के नाम दर्ज है, जिन्होंने वनडे विश्व कप 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 131 गेंदों में शतक पूरा किया था। सूची में उस्मान गनी (125 गेंद, बनाम जिम्बाब्वे, 2014), रहमत शाह (125 गेंद, बनाम आयरलैंड, 2017) और सेदीकुल्लाह अटल (125 गेंद, बनाम जिम्बाब्वे, 2024) संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर हैं।
करियर
कैसा रहा है शाहिदी का वनडे करियर?
शाहिदी ने अक्टूबर, 2013 में केन्या क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने वनडे क्रिकेट करियर का आगाज किया था। वह 96 वनडे की 94 पारियों में 2,600 से अधिक रन बना चुके हैं। उनकी औसत 33.42 और स्ट्राइक रेट 67.80 की रही है। वनडे में उन्होंने 1 शतक के अलावा 22 अर्धशतक भी जड़े हैं। इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 97 रन का था। बतौर कप्तान उन्होंने 53 पारियों में 33.79 की औसत से 1,453 रन बनाए हैं।