भारतीय क्रिकेट टीम के घरेलू सीजन के कार्यक्रम का ऐलान, जानिए कब और कहां होंगे मुकाबले
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारतीय क्रिकेट टीम के 2026-27 घरेलू सीजन का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस बार का सीजन काफी व्यस्त और रोमांचक रहने वाला है, जहां वेस्टइंडीज, श्रीलंका, जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया की टीमें भारत दौरे पर आएंगी। इस दौरान कुल 17 शहरों में 22 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाएंगे, जिससे देशभर के क्रिकेट प्रेमियों को शानदार मुकाबले देखने का मौका मिलेगा। वेस्टइंडीज के खिलाफ सितंबर में शुरू होने वाली सीरीज से इसका आगाज होगा।
सीरीज
ये टीमें खेलगी भारत में सीरीज
भारतीय टीम सबसे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 वनडे और 5 टी-20 मैचों की सीरीज खेलेगी। इसके बाद दिसंबर 2026 में श्रीलंका क्रिकेट टीम भारत दौरे पर आएगी, जहां 3 वनडे और 3 टी-20 मुकाबले होंगे। नए साल की शुरुआत में जनवरी 2027 में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम 3 वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी। वहीं, सीजन का अंत ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ प्रतिष्ठित बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की 5 टेस्ट मैचों की सीरीज से होगा, जिसकी शुरुआत 21 जनवरी से होगी।
कार्यक्रम
वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज का पूरा कार्यक्रम
वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज का पहला वनडे 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मैच 30 सितंबर को गुवाहाटी में होगा। सीरीज का आखिरी वनडे मुकाबला 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगड़ में खेला जाएगा। 5 मैचों की टी-20 सीरीज का आगाज 6 अक्टूबर से होगा। इसके बाद 9, 11, 14 और 16 को मुकाबले खेले जाएंगे। ये मैच लखनऊ, रांची, इंदौर,हैदराबाद और बेंगलुरु में होंगे। वनडे मैच दोपहर 2 बजे और टी-20 रात 7 बजे शुरू होंगे।
श्रीलंका
श्रीलंका के खिलाफ सीरीज का ये है शेड्यूल
श्रीलंका की टीम अपनी सीरीज का पहला वनडे मुकाबला 13 दिसंबर को दिल्ली में खेलेगी। सीरीज का दूसरा मैच बेंगलुरु में 16 दिसंबर को खेला जाएगा। आखिरी वनडे मुकाबला 19 दिसंबर को अहमदाबाद में होगा। टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला 22 दिसंबर को राजकोट में खेला जाएगा। दूसरा मैच 24 दिसंबर को कटक और आखिरी मैच 27 दिसंबर को पुणे में होगा। वनडे मुकाबले दोपहर 2 बजे से शुरू होंगे। वहीं,टी-20 मैच रात 7 बजे से खेले जाएंगे।
जानकारी
जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी भारतीय टीम
जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम भारत के खिलाफ 3 वनडे मुकाबलों की सीरीज 3 जनवरी (कोलकाता), 6 जनवरी (हैदराबाद) और 9 जनवरी (मुंबई) को खेलेगी। ये मुकाबले दोपहर 2 बजे से शुरू होंगे।
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी
ये है बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का पूरा कार्यक्रम
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का पहला टेस्ट मुकाबला 21 जनवरी से नागपुर में खेला जाएगा। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया दूसरा टेस्ट मैच 29 जनवरी से चेन्नई में खेलेगी। इस सीरीज का तीसरा मुकाबला 11 फरवरी से गुवाहाटी में होगा। वहीं, चौथा टेस्ट मैच 19 फरवरी से रांची में खेला जाएगा। इस प्रतिष्ठित सीरीज का आखिरी मुकाबला 27 फरवरी से अहमदाबाद में होगा। सीरीज के सभी टेस्ट मैच सुबह 9:30 बजे से शुरू होंगे।