Loading...
न्यूजीलैंड-भारत दूसरे टेस्ट से पहले क्यूरेटर का बड़ा बयान, क्राइस्टचर्च में मिलेगी संतुलित पिच
दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

न्यूजीलैंड-भारत दूसरे टेस्ट से पहले क्यूरेटर का बड़ा बयान, क्राइस्टचर्च में मिलेगी संतुलित पिच

Nov 26, 2026
02:51 pm

क्या है खबर?

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम और भारतीय क्रिकेट टीम के बीच दूसरा टेस्ट 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च के हेग्ले ओवल मैदान पर खेला जाएगा। मैदान के मुख्य क्यूरेटर जेडेन टोहील को उम्मीद है कि इस मुकाबले में पहले टेस्ट की तुलना में ज्यादा संतुलित मुकाबला देखने को मिलेगा। बता दें कि वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेला गया पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था। उस मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कुल 1,327 रन बने थे, जबकि सिर्फ 24 विकेट गिरे थे।

पिच

क्यूरेटर ने क्या कहा?

दूसरे टेस्ट की पिच को लेकर क्यूरेटर जेडेन ने पत्रकारों से बात की। उन्होंने बताया कि पिच तैयार करने के दौरान कुछ दिक्कतें आई थीं।

जेडेन ने कहा, "पिच तैयार करते समय कुछ चीजें हमारी योजना के मुताबिक नहीं हुईं। इसलिए पहले टेस्ट की पिच को इसके लिए आधार नहीं माना जाना चाहिए।"

क्यूरेटर ने यह भी बताया कि इस बार पिच तैयार करने के दौरान मौसम की परिस्थितियों ने उनके काम को किस तरह प्रभावित किया।

उम्मीद

समान्य मिजाज के मुताबिक खेलेगी पिच 

जेडेन को उम्मीद है कि हेग्ले ओवल की पिच लंबे प्रारूप के क्रिकेट में अपने सामान्य मिजाज के मुताबिक खेलेगी।

उन्होंने कहा, "आदर्श रूप से यहां मुकाबला संतुलित होना चाहिए। इस पिच पर शुरुआत में गेंदबाजों को मदद मिलती है, लेकिन बाद में यह बल्लेबाजी के लिए अच्छी हो जाती है।"

क्यूरेटर पर दबाव के बावजूद उन्हें भरोसा है कि वह इस अहम मुकाबले के लिए बेहतरीन पिच तैयार करने में सफल रहेंगे।

ADVERTISEMENT

ड्रॉ

पहला टेस्ट रहा था ड्रॉ 

वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेला गया पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था। आखिरी दिन न्यूजीलैंड ने 5 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बावजूद मेजबान टीम मुकाबला बचाने में सफल रही।

ग्लेन फिलिप्स और डेरिल मिचेल ने छठे विकेट के लिए नाबाद 63 रन की साझेदारी की। दोनों ने 259 गेंदों का सामना करते हुए टेस्ट ड्रॉ कराया।

वहीं, हेग्ले ओवल क्यूरेटर को भरोसा है कि एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।

ADVERTISEMENT

पिच रिपोर्ट

कैसी रहती है हेग्ले ओवल की पिच?

हेग्ले ओवल की पिच में पारंपरिक रूप से पहले दिन के दौरान तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है और मैच के आगे बढ़ने के साथ में बल्लेबाज इसका फायदा उठा सकते हैं।

यहां स्पिनरों को ज्यादा मदद मिलने का रिकॉर्ड नहीं है।

ऐसे में गेंदबाजों को विकेट के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ सकती है और मैच का परिणाम आखिरी दिन में देखने को मिल सकता है।

हाउस्टेट के मुताबिक, यहां पर पहली पारी का औसत स्कोर 271 रन है।

ADVERTISEMENT