Page Loader
भारत बनाम इंग्लैंड: जैक क्रॉली ने लगातार दूसरी पारी में बनाया 50+ का स्कोर, जानिए आंकड़े 
जैक क्रॉली ने कमाल की पारी खेली है (तस्वीर: एक्स/@ICC)

भारत बनाम इंग्लैंड: जैक क्रॉली ने लगातार दूसरी पारी में बनाया 50+ का स्कोर, जानिए आंकड़े 

Feb 05, 2024
12:23 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज जैक क्रॉली ने (73) रन की शानदार पारी खेली। वह अपने पांचवे शतक से 27 रन दूर थे, तभी कुलदीप यादव की एक शानदार गेंद पर वह पवेलियन लौट गए। क्रॉली इंग्लैंड की दूसरी पारी में बेहद शानदार तरीके से खेल रहे थे। ऐसे में आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

पारी

कैसी रही क्रॉली की पारी और साझेदारी?

399 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड के लिए क्रॉली ने 132 गेंद का सामना किया और 8 चौकों के साथ 1 छक्का लगाया। उन्होंने पहले विकेट के लिए बेन डकेट के साथ 66 गेंद में 50 रन जोड़े। इसके बाद रेहान अहमद के साथ 45 रन की साझेदारी निभाई। आउट होने से पहले उन्होंने जॉनी बेयरस्टो के साथ 40 रन जोड़े। क्रॉली एक छोर पर डटे हुए थे, जबकि इंग्लैंड के अन्य बल्लेबाज पवेलियन लौट रहे थे।

सर्वश्रेष्ठ

पिछली पारी में क्रॉली ने बनाया था भारत के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर 

इंग्लैंड की पहली पारी में क्रॉली ने 76 रन बनाए थे। यह भारत के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। उन्होंने ये रन 97.44 की स्ट्राइक रेट से बनाए थे। उनके बल्ले से 11 चौके और 2 छक्के निकले थे। पहले विकेट के लिए क्रॉली ने डकेट के साथ सिर्फ 62 गेंद में 59 रन जोड़ दिए थे। इसके बाद पोप के साथ उन्होंने 55 रन की साझेदारी निभाई थी। पहले टेस्ट में उन्होंने 20 और 31 के स्कोर बनाए थे।

भारत 

भारत के खिलाफ कैसा रहा है क्रॉली का प्रदर्शन?

भारतीय टीम के खिलाफ क्रॉली ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2021 में खेला था। उन्होंने अब तक 6 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 12 पारियों में 29.58 की औसत से 355 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से अभी तक एक भी शतक नहीं निकला है। हालांकि, उन्होंने 3 अर्धशतक लगाए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 76 रन रहा है। क्रॉली ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम (646) के खिलाफ बनाए हैं।

करियर

क्रॉली के टेस्ट करियर पर एक नजर

इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज क्रॉली ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 2019 में अपना टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक 41 टेस्ट की 76 पारियों में 32.48 की औसत से 2,404 रन बनाने में सफल रहे हैं। इस बीच 4 शतक के अलावा वह 12 अर्धशतक भी अपने नाम कर चुके हैं। टेस्ट करियर में उनका सर्वोच्च स्कोर 267 रन रहा है, जो कि उनके प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर का भी सबसे बड़ा स्कोर है।