
इंग्लैंड बनाम भारत: ऋषभ पंत ने जड़ा 7वां टेस्ट शतक, धोनी का यह बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम और भारतीय क्रिकेट टीम के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट के दूसरे दिन ऋषभ पंत ने शानदार शतकीय पारी (134) खेली। यह उनके टेस्ट करियर का 7वां और इंग्लैंड के खिलाफ चौथा शतक रहा। इंग्लैंड की धरती पर उन्होंने तीसरा शतक लगाया। पंत अब भारत के लिए सबसे ज्यादा शतक (7) लगाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी (6 शतक) का रिकॉर्ड तोड़ा है। रिद्धिमान साहा (3 शतक) तीसरे स्थान पर हैं।
पारी
ऐसी रही पंत की पारी
पंत नंबर-5 पर बल्लेबाजी करने आए थे। उन्होंने अपने अंदाज से विपरीत संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए 146 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 178 गेंदों का सामना किया और 134 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 12 चौके और 6 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 75.28 की रही। कप्तान शुभमन गिल के साथ मिलकर उन्होंने 301 गेंदों में 209 रन की साझेदारी निभाई। इंग्लैंड के गेंदबाज इस बल्लेबाज के सामने पूरी तरह से लाचार नजर आएं।
छक्का
तीसरी बार छक्का लगाकर पंत ने पूरा किया शतक
यह तीसरी बार है जब पंत ने छक्का लगाकर टेस्ट शतक पूरा किया है। खास बात यह है कि तीनों बार उन्होंने यह कारनामा इंग्लैंड के खिलाफ ही किया है। उन्होंने इंग्लैंड के स्पिनर आदिल रशीद, जो रूट और शोएब बशीर के खिलाफ छक्का लगाकर अपने शतक पूरे किए हैं। भारत की ओर से सबसे ज़्यादा बार ऐसा करने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर (6 बार) के नाम है, जबकि रोहित शर्मा ने भी 3 बार ऐसा किया है।
आंकड़े
धोनी के आंकड़ों पर एक नजर
धोनी ने अपने टेस्ट करियर में 90 मैचों में 38.09 की औसत से 4,876 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 6 शतक और 33 अर्धशतक लगाए थे। धोनी का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 224 रन था। उन्होंने यह पारी ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ खेली थी। यह आज भी किसी भारतीय विकेटकीपर का सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर है। इंग्लैंड में धोनी ने 12 टेस्ट खेले थे और इसकी 23 पारियों में 778 रन बनाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 92 रन था।
छक्के
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले विकेटकीपरों की सूची में पंत तेजी से ऊपर बढ़ रहे हैं। उनके नाम अब 79* छक्के हो चुके हैं और वह भारत के पूर्व कप्तान धोनी (78) को पीछे छोड़ चुके हैं। गिलक्रिस्ट 100 छक्कों के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि ब्रैड हैडिन 54 छक्कों के साथ चौथे स्थान पर हैं। पंत अब इस प्रारूप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले विकेटकीपरों में दूसरे स्थान पर पहुंच चुके हैं।
इंग्लैंड
इंग्लैंड के खिलाफ ऐसे हैं पंत के आंकड़े
इंग्लैंड के खिलाफ पंत ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2018 में खेला था। उन्होंने अब तक 13 मुकाबले खेले हैं और इसकी 22 पारियों में 43.57 की औसत के साथ 915 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 4 शतक के अलावा 4 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 146 रन रहा है। पंत ने अपने टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा रन इंग्लैंड के ही खिलाफ बनाए हैं।
करियर
पंत के टेस्ट करियर पर एक नजर
पंत ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2018 में इंग्लैंड के ही खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 44 मुकाबले खेले हैं और इसकी 76 पारियों में 43.40 की औसत से 3,082 रन बनाने में सफल रहे हैं। े उनके बल्ले से 7 शतक के अलावा 16 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 159* रन रहा है। पंत टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में दूसरे सबसे तेज 3,000 रन बनाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज हैं।
रिकॉर्ड
पंत ने ये रिकॉर्ड भी किए अपने नाम
पंत एशिया से बाहर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले एशियाई विकेटकीपर बल्लेबाज भी हैं। उनके नाम अब 5 शतक है। इस सूची में पाकिस्तान के मोइन खान और बांग्लादेश के मुशफिकुर रहीम 2-2 शतकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। टेस्ट क्रिकेट में विकेटकीपरों की बात करें तो पंत से ज्यादा शतक सिर्फ एडम गिलक्रिस्ट (17), एंडी फ्लावर (12) और लेस आमेस (8) ने लगाए हैं। पंत इस सूची में अब चौथे स्थान पर हैं।