ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना ने जड़े अर्धशतक, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में कप्तान हरमनप्रीत कौर (53) और सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना (58) ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलीं। हरमनप्रीत के वनडे करियर का ये 23वां अर्धशतक रहा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने छठा अर्धशतक जड़ा। मंधाना ने अपना 35वां अर्धशतक लगाया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनका ये 7वां अर्धशतक रहा। इन पारियों की मदद से भारतीय टीम 214 रन बनाने में सफल रही।
पारी
ऐसी रही दोनों खिलाड़ियों की पारियां
मंधाना ने 68 गेंदों का सामना किया और 58 रन बनाने में सफल रहीं। उनके बल्ले से 7 चौके निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 85.29 की रही। वहीं, हरमनप्रीत ने 84 गेंदों का सामना करते हुए 53 रन बनाए। उनके बल्ले से 3 चौके निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 63.10 की रही। इन दोनों के अलावा काश्वी गौतम ने 44 गेंदों में 43 रन बनाए। अन्य बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाए। टीम 48.3 ओवर में 214 रन बनाकर ऑलआउट हुई।
रिकॉर्ड
मंधाना ने ये उपलब्धि की हासिल
मंधाना का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे करियर शानदार रहा है। उन्होंने उनके खिलाफ 50+ के 11 स्कोर बनाए हैं, इस मामले में उनसे आगे केवल न्यूजीलैंड की डेबी हॉकली (14) हैं। मंधाना और नेट साइवर-ब्रंट के नाम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सर्वाधिक 4-4 वनडे शतक हैं। दिल्ली में पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगाया गया 50 गेंदों में शतक वनडे के इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक है। ऑस्ट्रेलिया की धरती पर मंधाना ने 9 मैचों में 461 रन बनाए हैं।
आंकड़े
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हरमनप्रीत का ऐसा रहा है प्रदर्शन
हरमनप्रीत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला वनडे साल 2009 में खेला था। उन्होंने 27 मैचों की 26 पारियों में 3 बार नाबाद रहते हुए 38.73 की औसत से 891 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 1 शतक निकला है और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 171* रन रहा है। हरमनप्रीत ने अपने वनडे करियर में 162 मैच की 141 पारियों में 37.18 की औसत से 4,462 रन बनाने में सफल रहीं हैं। उनके बल्ले से 7 शतक भी निकले हैं।
करियर
ऐसा रहा है मंधान का वनडे करियर
मंधाना ने साल 2013 में बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने वनडे करियर का आगाज किया था। उन्होंने अब तक 118 वनडे मुकाबले खेले हैं, जिसमें 48.46 की औसत से 5,380 रन बना लिए हैं। इस बीच उनके बल्ले से 14 शतक के अलावा 35 अर्धशतक भी निकले हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 136 रन है। वह वनडे प्रारूप में दूसरी सर्वाधिक रन बनाने वाली भारतीय बल्लेबाज है। उनसे आगे सिर्फ पूर्व कप्तान मिताली राज (7,805) है।