Page Loader
ICC टी-20 टीम ऑफ द ईयर 2023 का हुआ ऐलान, सूर्यकुमार यादव बने कप्तान
सूर्यकुमार यादव को टीम का कप्तान बनाया गया है (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

ICC टी-20 टीम ऑफ द ईयर 2023 का हुआ ऐलान, सूर्यकुमार यादव बने कप्तान

Jan 22, 2024
03:00 pm

क्या है खबर?

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने साल 2023 की टी-20 टीम ऑफ द ईयर का ऐलान कर दिया है। इस टीम में 4 भारतीय खिलाड़ियों को जगह मिली है। सूर्यकुमार यादव को टीम का कप्तान बनाया गया है। सूर्यकुमार के अलावा इस टीम में भारतीय खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल, रवि बिश्नोई और अर्शदीप सिंह हैं। पाकिस्तान क्रिकेट टीम का एक भी खिलाड़ी इस टीम का हिस्सा नहीं है। आइए पूरी खबर पर एक नजर डाल लेते हैं।

टीम

ऐसी है ICC की टीम 

ICC ने यूगांडा के अल्पेश रमजानी को भी टीम का हिस्सा बनाया है। उन्होंने साल 2023 में 30 मुकाबलों में 31.83 की औसत से 382 रन बनाए थे और 8.98 की उम्दा औसत के साथ 55 विकेट भी लिए थे। ऐसे है पूरी टीम: यशस्वी जायसवाल (भारत), फिल सॉल्ट (इंग्लैंड), निकोलस पूरन (विकेटकीपर, वेस्टइंडीज), सूर्यकुमार यादव (कप्तान, भारत), मार्क चैपमैन (न्यूजीलैंड), सिकंदर रजा (जिम्बाब्वे), अल्पेश रमजानी (यूगांडा), मार्क अडायर (आयरलैंड), रवि बिश्नोई (भारत), रिचर्ड नगारवा (जिम्बाब्वे) और अर्शदीप सिंह (भारत)।

प्रदर्शन 

कैसा रहा है सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन?

साल 2023 में सूर्यकुमार ने टी-20 क्रिकेट में 18 मैच खेले थे और 48.86 की औसत और 156 की स्ट्राइक रेट के साथ 733 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 2 शतक और 5 अर्धशतक निकले थे। वह पूर्ण सदस्य देशों में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। भारतीय बल्लेबाजों में सूर्यकुमार के बाद यशस्वी (430) रहे। पिछले साल UAE के मोहम्मद वसीम (806) और युगांडा के रोजर मुकासा (738) ने ही उनसे ज्यादा टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाए थे।

भारतीय

बिश्ननोई और अर्शदीप के प्रदर्शन पर एक नजर 

साल 2023 में बिश्ननोई ने 11 टी-20 मैच खेले थे और इसकी 11 पारियों में 17.61 की उम्दा औसत के साथ 18 विकेट अपने नाम किए थे। उनकी इकॉनमी रेट 7.20 की रही थी। बिश्नोई का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/24 का रहा था। अर्शदीप ने साल 2023 में 21 मुकाबले खेले थे। इसकी 21 पारियों में उन्होंने 24.46 की औसत से 26 विकेट झटके थे। उननी इकॉनमी 9.26 की रही थी। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/20 का रहा था।

प्रदर्शन

जिम्बाब्वे के रजा ने किया था शानदार प्रदर्शन 

जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के रजा ने 2023 में अपने आलराउंड प्रदर्शन से कमाल किया था। उन्होंने 12 टी-20 मैचों में 51.50 की औसत और 150.14 की स्ट्राइक रेट से 515 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 82* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 6 अर्धशतक भी लगाए। वह पिछले साल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपने देश से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं। गेंदबाजी में उन्होंने 14.88 की औसत और 6.57 की इकॉनमी रेट से 17 विकेट चटकाए थे।

प्लेइंग इलेवन

महिला टी-20 टीम ऑफ द ईयर का भी हुआ ऐलान 

महिला टी-20 टीम ऑफ द ईयर का भी ऐलान कर दिया गया है। भारतीय टीम की सिर्फ 1 खिलाड़ी दीप्ति शर्मा को टीम में जगह मिली है। उन्होंने पिछले साल 19 मैच में 16.38 की औसत से 21 विकेट लिए थे। श्रीलंका की चमारी अटापट्टू को कप्तान चुना गया है। टीम इस प्रकार है- चमारी आटापट्टू (कप्तान), बेथ मूनी (विकेटकीपर), लौरा वोल्वार्ड्ट, हेली मैथ्यूज, नेट साइवर ब्रंट, एमलिया केर, एलिस पेरी, एश गार्डनर, दीप्ति शर्मा, सोफी एक्लेस्टोन और मेगन शुट्ट।