शुभमन गिल की अपील के बावजूद ICC का फैसला बरकरार, गेंद पर नहीं लगा पाएंगे लार
क्या है खबर?
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने स्वास्थ्य और क्रिकेट से जुड़े कारणों का हवाला देते हुए गेंद पर लार (स्लाइवा) लगाने के प्रतिबंध को बरकरार रखने का मन बनाया है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने इस प्रतिबंध को हटाने की मांग की थी। वेलिंगटन में खेला गया पहला टेस्ट ड्रॉ होने के बाद उन्होंने कहा था कि कूकाबुरा गेंद बहुत जल्दी नरम हो रही थी। बल्लेबाजी के अनुकूल पिच पर गेंद चमकाने के लिए लार के इस्तेमाल की अनुमति देनी चाहिए।
सूत्र
ICC अपना रुख बदलने को तैयार नहीं
पीटीआई के मुताबिक, गेंद पर लार लगाने के प्रतिबंध को लेकर ICC अपना रुख बदलने के लिए तैयार नहीं है।
यह प्रतिबंध पहली बार 2020 में कोरोना के दौरान खिलाड़ियों और अधिकारियों को संक्रमण से बचाने के लिए लगाया गया था।
बाद में ICC ने इसे स्थायी कर दिया। यह फैसला मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) के क्रिकेट नियमों के भी अनुरूप है।
MCC के नियमों के मुताबिक, गेंद को चमकाने के लिए लार का इस्तेमाल करना नियमों के खिलाफ है।
फैसला
ICC को लगता है अभी भी है लार से खतरा
लार में मिठाई, च्यूइंग गम और मिंट की गोलियां जैसे पदार्थ मिलाने से गेंद की स्थिति में बदलाव हो सकता है। इससे गेंद पर लार के इस्तेमाल की निगरानी करना और नियमों का पालन कराना भी मुश्किल हो जाता है।
ICC का मानना है अब भी स्वास्थ्य संबंधी खतरा है।
यूरोपीय रोग निवारण एवं नियंत्रण केंद्र के मुताबिक, कोरोना के नए स्वरूप दुनियाभर में स्वास्थ्य के लिए खतरा बने हुए हैं।
इसी कारण ICC बैठक में इसपर चर्चा नहीं हुई।
बयान
गिल ने क्या कहा था?
गिल ने पहले टेस्ट के बाद हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, "मुझे समझ नहीं आता कि गेंद चमकाने के लिए लार के इस्तेमाल की अनुमति क्यों नहीं है। कोविड-19 महामारी खत्म हुए कई साल हो चुके हैं फिर भी इस पर प्रतिबंध क्यों है?"
गेंदबाज गेंद के एक हिस्से को चमकाने के लिए लार का इस्तेमाल करते हैं। इससे गेंद के दोनों हिस्सों की सतह में अंतर पैदा होता है जो हवा में स्विंग कराने में मदद करता है।