ICC रैंकिंग: हैरी ब्रूक टेस्ट में फिर बने नंबर एक बल्लेबाज
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के हैरी ब्रूक टेस्ट प्रारूप में नंबर एक बल्लेबाज बने हैं। ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले डार्विन टेस्ट में निराश किया था, जिसके चलते वह चौथे स्थान पर खिसक गए हैं और ब्रूक को फायदा पहुंचा है। इंग्लैंड के जो रूट और ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ भी हेड से ऊपर आ गए हैं। आइए रैंकिंग पर एक नजर डालते हैं।
रैंकिंग
रूट दूसरे स्थान पर पहुंचे
ब्रूक के अब 852 रेटिंग अंक हो गए हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ पहले मैच में स्मिथ ने 71 और 44 रन बनाए, जिससे वे 833 रेटिंग अंको के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गए।
इस मैच में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया पर 9 विकेट से बड़ी जीत हासिल की और दो मैचों की सीरीज में बढ़त बना ली थी।
वहीं, 840 रेटिंग अंको के साथ रूट दूसरे स्थान पर हैं।
चौथे स्थान पर पहुंचने वाले हेड के 819 अंक हैं।
शांतो
शांतो ने हासिल की अपनी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग
बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 20वीं रैंकिंग पर पहुँच गए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डार्विन टेस्ट में अपनी इकलौती पारी में उन्होंने 84 रन बनाए थे।
उन्हें 9 पायदान का फायदा हुआ है। इसके साथ नजमुल के 659 रेटिंग अंक हो गए हैं।
उनसे बेहतर रैंकिंग वाले बांग्लादेशी बल्लेबाज सिर्फ मुशफिकुर रहीम हैं, जो 667 रेटिंग अंक के साथ 18वें स्थान पर हैं।
गेंदबाजी
बांग्लादेशी गेंदबाजों को हुआ फायदा
तेज गेंदबाज हसन महमूद ने पहली पारी में 55 रन देकर 6 विकेट लिए थे।
इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया था। वह गेंदबाजों की रैंकिंग में 26 पायदान की बड़ी छलांग लगाकर 38वें स्थान पर पहुंच गए।
बांग्लादेशी ऑलराउंडर मेहदी हसन मिराज ने भी दूसरी पारी में 66 रन देकर 5 विकेट लिए थे। वह 3 पायदान ऊपर चढ़कर 24वें स्थान पर आ गए।
गेंदबाजी रैंकिंग
बुमराह शीर्ष पर बरकरार
श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले गए पहले टेस्ट मैच में न खेलने के बावजूद भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह टेस्ट गेंदबाजों की ताजा रैंकिंग में शीर्ष पर बने हुए हैं।
इंग्लैंड के गस एटकिंसन 10वीं रैंकिंग में पहुंच गए हैं। उनके अब 729 रेटिंग अंक हो गए हैं।
दक्षिण अफ्रीका के मार्को येंसन एक पायदान के फायदे के साथ चौथे स्थान (825 रेटिंग अंक) पर पहुंच गए हैं।