
ICC प्लेयर ऑफ द मंथ: श्रेयस अय्यर ने मार्च के लिए जीता पुरस्कार, ये खिलाड़ी चूके
क्या है खबर?
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने मार्च 2025 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को 'प्लेयर ऑफ द मंथ' चुना है।
उन्होंने पिछले महीने वनडे प्रारूप सहित चैंपियंस ट्रॉफी में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। अब ICC ने उन्हें यह अवार्ड देकर उनके बेहतरीन प्रदर्शन का इनाम दिया है।
अय्यर ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज रचिन रविंद्र और जैकब डफी को पीछे छोड़ते हुए यह पुरस्कार जीता है।
आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
प्रदर्शन
चैंपियंस ट्रॉफी में खूब चला था अय्यर का बल्ला
अय्यर चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारतीय बल्लेबाजी क्रम में संकटमोचक बनकर उभरे थे। उन्होंने फाइनल में 62 गेंदों पर 48 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली थी।
अय्यर इस संस्करण में दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। उन्होंने 5 पारियों में 48.60 की औसत और 79.41 की स्ट्राइक रेट के साथ 243 रन बनाए थे।
उन्होंने मार्च में खेले कुल 3 वनडे मैचों में 57.33 की शानदार औसत के साथ 172 रन अपने नाम किए थे।
उपलब्धि
अय्यर दूसरी बार बने 'प्लेयर ऑफ द मंथ'
अय्यर ने दूसरी बार 'ICC प्लेयर ऑफ द मंथ' का खिताब अपने नाम किया है। इससे पहले उन्होंने साल 2022 के फरवरी महीने में भी यह पुरस्कार अपने नाम किया था।
इसके साथ ही वह एक से अधिक बार यह प्रतिष्ठित पुरस्कार जीतने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।
इस सूची में जसप्रीत बुमराह (3) पहले और शुभमन गिल (2) यह कारनामा कर चुके हैं। यह भारतीय क्रिकेट के लिए अच्छी खबर है।
बयान
पुस्कार मिलने के बाद क्या बोले अय्यर?
अय्यर ने पुरस्कार जीतने के बाद कहा, "मार्च के लिए ICC मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ चुने जाने पर मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं। यह सम्मान अविश्वसनीय रूप से विशेष है, खासकर उस महीने में जब हमने ICC चैंपियंस ट्रॉफी जीती। यह ऐसा ऐसा क्षण है जिसे मैं हमेशा संजो कर रखूंगा।"
उन्होंने कहा, "मैं अपने साथियों, कोचों और सहयोगी स्टाफ के प्रति उनके अटूट समर्थन और विश्वास के लिए आभारी हूं और प्रशंसकों को भी धन्यवाद देता हूं।"
प्रदर्शन
डफी और रविंद्र के प्रदर्शन पर एक नजर
डफी ने मार्च में पाकिस्तान के खिलाफ 5 मैचों की टी-20 सीरीज में 8.38 की औसत से 13 विकेट लिए थे। इससे न्यूजीलैंड ने 4-1 से सीरीज जीती थी। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में भी 2 विकेट लिए थे।
रविंद्र ने मार्च में 3 वनडे में 50.33 की औसत और 106.33 की स्ट्राइक रेट से 151 रन बनाए थे। दूसरी तरह गेंदबाजी में उन्होंने 4.66 की इकॉनमी रेट के साथ 3 विकेट भी चटकाए थे।
महिला
महिलाओं में जॉर्जिया वॉल बनीं 'प्लेयर ऑफ द मंथ'
ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की प्रमुख खिलाड़ी जॉर्जिया वॉल ने अपनी ही टीम की एनाबेल सदरलैंड और अमेरिका महिला क्रिकेट टीम की चेतना प्रसाद को पीछे छोड़ते हुए 'प्लेयर ऑफ द मंथ' पुरस्कार हासिल किया है।
वॉल ने पहली बार यह प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया है। उन्होंने यह पुरस्कार ऑस्ट्रेलिया की न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज में किए गए धमाकेदार बल्लेबाजी के दम पर हासिल किया है।