
ICC प्लेयर ऑफ द मंथ: जून के लिए जसप्रीत बुमराह और स्मृति मंधाना ने जीता पुरस्कार
क्या है खबर?
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने जून 2024 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द मंथ चुना है।
बीते महीने अपनी गेंदबाजी से कमाल करने वाले बुमराह ने भारतीट टीम के कप्तान रोहित शर्मा और अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के रहमानुल्लाह गुरबाज को पीछे छोड़ते हुए ये सम्मान हासिल किया है।
महिला वर्ग में भारत की स्मृति मंधाना को ये पुरस्कार मिला है।
आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
टी-20
बुमराह टी-20 विश्व कप में बने थे 'प्लेयर ऑफ द सीरीज'
जून में हुई टी-20 विश्व कप में बुमराह संयुक्त रूप से तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उन्हें 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' भी चुना गया था।
उन्होंने 8 मैच की 8 पारियों में 8.26 की उम्दा औसत और 4.17 की बेहतरीन इकॉनमी रेट से 15 विकेट लिए थे।
उनके अलावा एनरिक नोर्खिया ने भी टूर्नामेंट में 9 मैच में 15 विकेट झटके। सबसे ज्यादा 17-17 विकेट संयुक्त रूप से फजलहक फारूकी और अर्शदीप सिंह ने अपने नाम किए।
प्रदर्शन
कैसा रहा था मंधाना का प्रदर्शन?
जून में मंधाना का बल्ला जमकर बोला था। दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ इस खिलाड़ी ने लगातार 2 वनडे मुकाबले में शतक (117 और 136) जड़ दिए थे।
इसके अलावा तीसरे वनडे में भी उन्होंने कमाल किया और 90 रन बना दिए थे। वह सिर्फ 10 रन से लगातार तीसरा शतक नहीं बना पाई।
इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में भी उन्होंने 149 रन की शानदार पारी खेली थी।
जानकारी
बुमराह और मंधाना के नाम आया यह अनोखा रिकॉर्ड
इस पुरस्कार के इतिहास में पहला मौका है जब ICC 'प्लेयर ऑफ द मंथ' किसी एक देश के ही महिला (मंधाना) और पुरुष (बुमराह) खिलाड़ी को दिया गया है। पहले कभी भी ऐसा नहीं हुआ था। बुमराह ने पहली बार यह पुरस्कार जीता है।
कप्तान
जून के महीने में कैसा रहा था रोहित का प्रदर्शन?
रोहित टी-20 विश्व कप 2024 में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। उन्होंने 8 मैच में 1 बार नाबाद रहते हुए 257 रन बनाए थे।
उनकी स्ट्राइक रेट 156.70 की रही। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 92 रन रहा था।
उनसे ज्यादा रन सिर्फ गुरबाज (281) ने बनाए थे। हालांकि, उनका यह शानदार प्रदर्शन भी उन्हें ICC प्लेयर ऑफ द मंथ नहीं बना पाया।
टी-20 विश्व कप
अन्य खिलाड़ियों का कैसा रहा था जून में प्रदर्शन?
गुरबाज टी-20 विश्व कप 2024 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने 8 मैच में 35.12 की औसत से 281 रन बनाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 80 रन था।
मैया बौशियर और विशमी गुणरत्ने को पछाड़कर मंधाना ने पुरस्कार जीता है। बौशियर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 67 और100* रन की पारी खेली थी।
गुणरत्ने ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे में 40, 50, 44 के स्कोर बनाए थे। टी-20 में उन्होंने 35 और 24 रन बनाए थे।