जसप्रीत बुमराह ने रचा इतिहास, टी-20 विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय बने
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 43वें मुकाबले में जसप्रीत बुमराह ने इतिहास रच दिया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस अहम मुकाबले में भारतीय तेज गेंदबाज ने 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 3 विकेट झटके। इसके साथ ही बुमराह टी-20 विश्व कप के इतिहास में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। उन्होंने इस मामले में पूर्व दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को पीछे छोड़ा है। ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
विकेट
टी-20 विश्व कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
अश्विन ने भारत के लिए 17.25 की औसत से 32 विकेट चटकाए हैं। वहीं, बुमराह के अब 13.36 की औसत से 33 विकेट हो गए हैं। अर्शदीप सिंह, जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में 28 रन देकर 2 विकेट लिए। उन्होंने अश्विन की बराबरी कर ली है और उनके भी इस टूर्नामेंट में 32 विकेट हो गए हैं। इस सूची में चौथे स्थान पर हार्दिक पांड्या हैं। उनके नाम टी-20 विश्व कप में 29 विकेट है।
जानकारी
बुमराह ने ये रिकॉर्ड भी किया अपने नाम
टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में (पूर्ण सदस्य देशों के बीच) बोल्ड से सबसे अधिक विकेट लेने के मामले में बुमराह शीर्ष पर आ गए हैं। उन्होंने 44 बल्लेबाजों को बोल्ड किया हैं। उन्होंने लसिथ मलिंगा का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 43 विकेट बोल्ड के जरिए झटके थे।
करियर
ऐसा रहा है बुमराह का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर
बुमराह ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2016 में खेला था। उन्होंने अब तक 91 मुकाबले खेले हैं और इसकी 88 पारियों में 18.27 की औसत से 114 विकेट लेने में सफल रहे हैं। उन्होंने एक बार भी 4 विकेट हॉल या 5 विकेट हॉल नहीं लिया है। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 3/7 का रहा है। टी-20 विश्व कप में इस खिलाड़ी ने 22 मैचों की 22 पारियों में 13.36 की औसत से 33 विकेट चटकाए हैं।