टी-20 विश्व कप 2026 में कैसा रहा नामीबिया क्रिकेट टीम का सफर?
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में नामीबिया क्रिकेट टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। गेरहार्ड इरास्मस की कप्तानी में टीम ग्रुप-A में उतरी, लेकिन चारों मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, कई मैचों में नामीबिया ने दमदार खेल दिखाया और विरोधी टीमों को कड़ी चुनौती दी, लेकिन निर्णायक मौकों पर जीत हाथ से निकल गई। नतीजतन टीम सुपर-8 चरण में जगह नहीं बना सकी। ऐसे में आइए टूर्नामेंट में टीम के सफर पर एक नजर डाल लेते हैं।
सफर
ऐसा रहा नामीबिया टीम का सफर
नामीबिया ने अपने अभियान की शुरुआत नीदरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ की, जहां पहले बल्लेबाजी करते हुए उसने 156 रन बनाए, लेकिन गेंदबाज लक्ष्य का बचाव नहीं कर सके। नीदरलैंड ने सिर्फ 3 विकेट खोकर ही मैच जीत लिया। इसके बाद भारतीय क्रिकेट टीम ने उसे 93 रन से करारी शिकस्त दी। तीसरे मुकाबले में उसे यूएई से 31 रन की हार मिली। वहीं, आखिरी मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने 102 रन के बड़े अंतर से नामीबिया को हराया।
रन
नामीबिया के लिए इन बल्लेबाजों ने बनाए सबसे ज्यादा रन
नामीबिया के लिए इस विश्व कप में सबसे ज्यादा रन लॉरेन स्टीनकैंप ने बनाए। उनके बल्ले से 4 मैचों की 4 पारियों में 29 की औसत और 133.33 की स्ट्राइक रेट से 116 रन निकले। उन्होंने 1 अर्धशतक लगाया और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 58 रन रहा। जान निकोल लॉफ्टी‑ईटन ने 4 पारियों में 22 की औसत और 120.54 की स्ट्राइक रेट से 88 रन बनाए। उनके बल्ले से कोई अर्धशतक नहीं निकला और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 42 रन रहा।
विकेट
इन गेंदबाजों का रहा अच्छा प्रदर्शन
नामीबिया के लिए कप्तान इरास्मस ने इस विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट लिए। उन्होंने 4 मैचों की 4 पारियों में 11.85 की औसत के साथ 7 विकेट चटकाए। उनकी इकॉनमी रेट 7.54 की रही। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 20 रन खर्च के 4 विकेट लेने का रहा। इरास्मस को छोड़कर नामीबिया का और कोई गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया। विलेम माईबर्ग के खाते में 2 विकेट आए।
रिकॉर्ड
नामीबिया के नाम आए ये रिकॉर्ड
इरास्मस टी-20 विश्व कप में 4 विकेट लेने वाले चौथे कप्तान बने। उनसे पहले अफगानिस्तान के राशिद खान, न्यूजीलैंड के डेनियल विटोरी, और ओमान के जीशान मकसूद ऐसा कर चुके हैं। दिलचस्प रूप से राशिद ने 2 बार (4/17 बनाम न्यूजीलैंड, और 4/23 बनाम बांग्लादेश 2024) ऐसा किया है। स्टीनकैंप ने USA के खिलाफ 58 रन की पारी खेली। वह टी-20 विश्व कप में नामीबिया के लिए अर्धशतक जड़ने वाली सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बने।