अर्शदीप सिंह के खिलाफ ICC ने की कार्रवाई, मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने जुर्माना लगाया है। दरअसल, टी-20 विश्व कप 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मैच के दौरान अर्शदीप ने बल्लेबाजी कर रहे डेरिल मिचेल की तरफ गेंद को आक्रामक अंदाज में फेंका था। ऐसे में भारतीय तेज गेंदबाज पर ICC आचार संहिता के लेवल-1 के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
मामला
ऐसा था पूरा मामला
फाइनल में न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर में मिचेल और अर्शदीप के बीच तनातनी हो गई। दरअसल, ओवर की 5वीं गेंद पर मिचेल ने गेंदबाज की ओर शॉट खेला। अर्शदीप ने गेंद को पकड़ा और मिचेल को क्रीज से बाहर देखकर थ्रो कर दिया। ऐसे में गेंद सीधी मिचेल को जा लगी। इसके बाद मिचले गुस्से में अर्शदीप की और बढ़े और मामला गरमा गया। आखिरकार, ओवर की समाप्ति के बाद अर्शदीप ने मिचेल से माफी मांगी थी।
डिमेरिट अंक
अर्शदीप को मिला एक डिमेरिट अंक
अर्शदीप को ICC के आर्टिकल 2.9 को तोड़ने का दोषी पाया गया। उन्होंने अपने ऊपर लगा आरोप स्वीकार किया, जिसके चलते किसी तरह की सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। जुर्माने के अलावा अर्शदीप के डिसिप्लिनरी रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया। यह 24 महीने के समय में उनका पहला अपराध है। बता दें कि मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट ने उन पर ये जुर्माना तय किया है।
फाइनल
फाइनल में कोई विकेट नहीं ले सके थे अर्शदीप
भारत ने टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया था। खिताबी मुकाबले में जीत के लिए मिले 256 रन के पहाड़ से लक्ष्य का पीछा करते हुए कीवी टीम सिर्फ 159 रन पर सिमट गई थी। भारत से अर्शदीप कोई विकेट नहीं ले सके थे। उन्होंने अपने 4 ओवर में 32 रन दिए थे। जसप्रीत बुमराह ने 4 विकेट लेते हुए जीत में योगदान दिया था।
जानकारी
टी-20 विश्व कप 2026 में अर्शदीप का प्रदर्शन
अर्शदीप ने टी-20 विश्व कप 2026 में 8 मैच खेले, जिसमें 28.22 की औसत और 8.46 की इकॉनमी रेट के साथ 9 विकेट लिए। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 24 रन पर 3 विकेट लेना रहा।